नवीन जिंदल को कैदी का धमकी भरा पत्र, 48 घंटे में 50 करोड़ की मांग
कोतरारोड थाने में अपराध दर्ज

नवीन जिंदल को कैदी का धमकी भरा पत्र, 48 घंटे में 50 करोड़ की मांगकोतरारोड थाने में अपराध दर्ज

रायगढ़ । देश के जाने-माने उद्योगपति व पूर्व सांसद नवीन जिंदल को 5 मिलियन ब्रिटिश पाउंड यानी 50 करोड़ रुपये 48 घंटे में नहीं देने पर जान से मारने का धमकी भरा खत मिलने का मामला सामने आया है। यह धमकी भरा पत्र बिलासपुर सेंट्रल जेल से एक कैदी ने भेजा है। कोतरा रोड़ पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया है। 

मिली जानकारी के मुताबिक कोतरा रोड़ थाना क्षेत्र पतरापाली में स्थित जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के चेयरमैन नवीन जिंदल के नाम 18 जनवरी को डाक के जरिए एक लिफाफा पहुंचा। जेएसपीएल के महाप्रबंधक सुधीर रॉय ने 23 जनवरी को लिफाफे को खोलकर पढ़ा तो उनके होश गुम हो गए। उस पत्र में उद्योगपति नवीन जिंदल को संबोधित करते हुए असभ्य और अपमानजनक भाषा प्रयोग करते हुए लिखा था कि अगर 48 घंटे के अंदर 5 मिलियन ब्रिटिश पाउंड नहीं मिले तो उनको जान से मार दिया जाएगा। इस पत्र से हडक़म्प मच गया। 

पत्र भेजने वाले ने अपना नाम बिलासपुर सेंट्रल जेल के कैदी नंबर 4563-97 और राजेन्द्र नगर बिलासपुर निवासी बताया। लिफाफा के पीछे जितेंद्र कुमार जैन द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जांजगीर-चाम्पा, 9 जनवरी लिखा है। साथ ही हिंदी में कम्प्यूटर टाइपिंग प्रति परीक्षण वास्ते मुकेश कुमार द्वारा शंकरलाल अधिवक्ता लिखे की छायाप्रति है जो लाल रंग के डॉट पेन से क्रॉस कर काटा गया है।

जिंदल छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा उद्योग समूह है। प्रदेश में जिंदल समूह ने हजारों करोड़ रुपए का निवेश स्टील, पावर, माइनिंग, सीमेंट उद्योगों की स्थापना और संचालन में  किया है। जेएसपीएल प्रबंधन ने बेहद संजीदगी से लेते हुए इसकी शिकायत कोतरा रोड थाने में दर्ज कराई है। फिलहाल जेएसपीएल के महाप्रबंधक सुधीर रॉय की रिपोर्ट पर पुलिस ने भादंवि की धारा 386, 506 के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल में लग गई है।  

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *