अतिक्रमण हटाने पहुंचे निगम अधिकारी पर जानलेवा हमला
ठेला हटाने गए अतिक्रमण प्रभारी पर युवक ने बिजली तार से गला घोंटकर किया मारने का प्रयास
सरकंडा पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
मारपीट करने वाले युवकों की हुई जमकर धुनाई
बिलासपुर । असामाजिक तत्वों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसका नजारा एक बार फिर मंगलवार को सरकंडा क्षेत्र में नजऱ आया। चोरी और सीनाजोरी की तर्ज पर 2 अतिक्रमणकारियों ने निगम अधिकारी की जान लेने की कोशिश तक कर डाली।
सरकंडा साइंस कॉलेज की छात्राओं ने पिछले दिनों कलेक्टर से शिकायत की थी कि उनके कॉलेज के आसपास मौजूद दुकानों में दिनभर असामाजिक तत्वों का डेरा लगा रहता है जो कॉलेज आने जाने के दौरान उनके साथ छेडख़ानी कर उन्हें परेशान करते हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने नगर निगम को निर्देशित किया कि वह यहां नियम विरुद्ध बने अवैध ठिकानों को हटाए। जिस पर कार्यवाही करने मंगलवार को नगर निगम अतिक्रमण शाखा का दस्ता पहुंचा था। यहां आस-पास कुछ गुमटी नुमा दुकान मौजूद है, जिनके संचालको समझाइश देते हुए उन्हें हटाने का अभियान चल रहा था। इसी में गोल्डी टी स्टॉल भी शामिल है। जिसके संचालक चिंगराजपारा निवासी भावेश गुप्ता और गोल्डी गुप्ता है। कार्रवाई के दौरान अचानक इन दोनों ने नगर निगम अतिक्रमण शाखा अधिकारी प्रमिल शर्मा पर हमला कर दिया। पीछे से आकर उन्होंने एक तार के जरिए उनका गला घोट कर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। आसपास खड़े लोग तत्काल बीच बचाव में आए और दोनों को पकडक़र सरकंडा पुलिस के हवाले किया। नगर निगम आयुक्त कुणाल दुदावत ने इन दोनों बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। आमतौर पर विवादित मामलों में नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता पुलिस बल साथ लेकर चलता है , लेकिन मंगलवार को पुलिस साथ ना होने के चलते यह घटना घटी। अगर समय पर मदद नहीं मिलती तो फिर इस हमले में प्रवीण शर्मा की जान भी जा सकती थी। एक तो सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकान बना लिया और उसको हटाने पर विरोध ऐसा जैसे कोई उन्हें उनकी पुश्तैनी जमीन से उन्हें बेदखल कर रहा हो। सरकंडा टीआई ने बताया कि निगम की टीम द्वारा साइंस कॉलेज के सामने अतिक्रमण हटाने के दौरान गोल्डी नामक युवक ने निगम दस्ता प्रभारी पर हमला किया था जिसमे आरोपी युवक को पुलिस टीम द्वारा हिरासत में लिया गया है निगम की टीम की ओर से प्रथम सूचना पत्र दर्ज कराया जा रहा आरोपी गोल्डी व भावेश गुप्ता युवक पुलिस हिरासत में है अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

30 अवैध ठेले गमुटियों को निगम ने हटाया
नगर पालिक निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ आज बढ़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सीपत रोड में स्थित ई.राघवेन्द्र राव साइंस कॉलेज परिसर से सटकर अवैध रूप से ठेले गुमटी लगा लिया गया था। जहां हमेशा असामाजिक तत्वों का जमघट लगे रहता था, कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा इसकी शिकायत निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत से की गई। मामले की जानकारी लगते ही निगम कमिश्नर ने अतिक्रमण के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद आज कॉलेज के सामने किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगम की टीम ने 30 ठेले गुमटी को वहां से हटा दिया। कॉलेज परिसर के पास अतिक्रमण किए गए इन दुकानों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता था,इससे कॉलेज का शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा था साथ ही इसकी वजह से कॉलेज के छात्र छात्राओं को आने जाने में काफी दिक्कतें होती थी और मुख्य मार्ग में भी जाम लगे रहता था। निगम कमिश्नर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण शाखा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटाया ।

