पीएम मोदी आज रायपुर में, 76 सौ करोड़ के कार्यों का करेंगे लोकार्पण व भूमिपूजन
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को एक दिवसीय प्रवास पर राजधानी रायपुर आ रहे है। प्रधानमंत्री श्री मोदी सुबह करीब 10:45 बजे रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे और अनेक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण वचुर्अल करेंगे। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रदेश के वरिष्ठ नेता उनकी अगुवानी करेंगे। माना विमानतल से प्रधानमंत्री हेलीकाप्टर के द्वारा सीधे सभा स्थल साइंस कॉलेज पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री की इस यात्रा को लेकर शहर में तथा सभा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई है। जिस मंच से प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे उस मंच को एसपीजी ने अपनी सुरक्षा में ले लिया है।
श्री मोदी लगभग 6,400 करोड़ रुपये की पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। जबलपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के 33 किलोमीटर लंबे रायपुर-कोडेबोड खंड को चार लेन काबनाना। एनएच-130 के 53 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले बिलासपुर-पथरापाली खंड को चार लेन बनाना और छत्तीसगढ़ खंड के लिए तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं और छह लेन वाला ग्रीनफील्ड रायपुर-विशाखापत्तनम कॉरिडोर शामिल है। प्रधानमंत्री 750 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 103 किलोमीटर लंबी रायपुर-खरियार रोड रेल लाइन के दोहरीकरण, केवटी-अंतागढ़ को जोडऩे वाली 17 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन और एक परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। कोरबा में 60,000 मीट्रिक टन प्रति वर्ष की क्षमता वाला इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का बॉटलिंग प्लांट 130 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा अंतागढ़ से रायपुर नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। ये पूरी योजना करीब 76 सौ करोड़ की है।

