रायपुर में न्यूजीलैंड को दूसरे वनडे में आठ विकेट से हराया
भारत ने घर में लगातार 7वीं वनडे शृंखला जीती
रायपुर। राजधानी के शहीद वीरनारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में आज न्यूजीलैण्ड को भारत ने 8 विकेट से हरा दिया।
गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन और रोहित शर्मा की अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया है। इसके साथ ही भारत ने 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 24 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा। टीम इंडिया ने अपने घर में लगातार 7वीं वनडे सीरीज जीत ली है। टीम पिछले चार साल से होम वनडे सीरीज नहीं हारी है। यह वनडे में भारत की लगातार छठी जीत भी है। रायपुर के शहीद वीर नरायण सिंह स्टेडियम पर भारत ने टॉस जीतकर बॉलिंग करने का फैसला लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड टीम 34.3 ओवर में 108 रन में ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए। मिचेल सैंटनर ने 27 और पिछले मैच के शतकवीर माइकल ब्रेसवेल ने 22 रन बनाए। कीवी टीम के 8 बल्लेबाज 10 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। भारत के लिए शमी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। हार्दिक पंड्या और वॉशिंगटन सुंदर ने 2-2 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज, शार्दूल ठाकुर और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला। जवाब में भारत ने 20 ओवर में 2 विकेट पर जीत के लिए जरूरी रन बना डाले। कप्तान रोहित शर्मा ( 51 रन) अपना 48वां वनडे अर्धशतक बनाकर आउट हुए।

