रायगढ़-घरघोड़ा रोड में सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर बस पलटी, दो युवकों की घटनास्थल पर मौत

रायगढ़। रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग में वासुदेव बस सर्विस की यात्री बस ने बाइक सवार दो युवकों को ठोकर मार दी। बस की ठोकर से दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं बस ड्राइवर समेत कुछ यात्री घायल हुए हैं जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घरघोड़ा थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे रायगढ़ से अंबिकापुर के लिये निकली वासुदेव बस अपेक्षाकृत तेज गति से चलते हुए ग्राम सामारूमा और अमलीडीह के पास पहुँची ही थी कि अनियंत्रित होकर पलट गई। बस की चपेट में बाइक सवार दो युवक आ गए और घटनास्थल पर उनकी दर्दनाक मौत हो गई। वही एक व्यक्ति की सांसे चलता देख पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए आनन-फानन में घरघोड़ा अस्पताल भेजा है।
बताया जा रहा कि बस ड्राइवर ने बाइक सवारों को बचाने की कोशिश की और अपेक्षाकृत तेज रफ्तार होने के कारण उन्हें चपेट में लेते हुए पलट गई। दोनों बाईक सवार युवक जमडबरी निवासी है और भेंडरा में कार्तिक पूर्णिमा में आयोजित मेला देखकर वापस अपने गांव जा रहे थे इसी दौरान बस की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। हादसे की सुचना मिलते ही घरघोड़ा व पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य किया।


