नागपुर से लोस चुनाव का शंखनाद करेगी कांग्रेस,
28 दिसम्बर को करेगी बड़ी रैली,
राहुल, प्रियंका गांधी व खड़गे करेंगे रैली में शिरकत
नई दिल्ली। कांग्रेस 28 दिसम्बर को अपना 139वां स्थापना दिवस समारोह नागपुर में आयोजित करने जा रही है। इस अवसर पर पार्टी नागपुर में एक बड़ी रैली का आयोजन भी करेगी, जिसमें पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे। माना जा रहा है कि इस रैली से कांग्रेस लोकसभा चुनाव-2024 का शंखनाद भी करेगी। कांग्रेस पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाली रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। इसमें करीब 10 लाख से ज्यादा लोगों के शिरकत करेंगे। इस बीच वेणुगोपाल ने 13 दिसम्बर को संसद सुरक्षा चूक मामले पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद पर दो बार हमला हुआ है। दोनों बार यह हमला तब हुआ जब केंद्र में भाजपा की सरकार रही। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे देश को पता है कि संसद के भीतर क्या हो रहा है। कांग्रेस नेता ने यह भी सवाल किया कि भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासन से जनता परेशान हो गई है।

