कांग्रेस में संगठन के बाद अब सत्ता में हो रहा बदलाव, स्कूल शिक्षा मंत्री टेकाम का इस्तीफा, मरकाम आज लेंगे मंत्री पद की शपथ
रायपुर। आगामी विधान सभा चुनाव को देखते हुए संगठन के बाद अब सत्ता में बदलाव किया जा रहा है।हमेशा विवादो में रहे प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह ने पार्टी के निर्देश पर मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। मुखमंत्री भूपेश बघेल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।उनकी जगह मोहन मरकाम को मंत्री बनाया जा रहा है।
शुक्रवार को सुबह साढ़े 11 बजे राजभवन में अकेले श्री मरकाम को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। सूत्रों की माने तो हाईकमान ने तत्काल केवल मरकाम को मंत्री बनाने का निर्देश दिया है।इसलिए कल ही उन्हें मंत्री बनाया जा रहा है।इधर टेकाम के अलावा तीन अन्य मंत्रियों श्रीमती अनिता भेडिय़ा, कवासी लखमा और रुद्र गुरु के इस्तीफे को लेकर चर्चा है।लेकिन अब तक किसी ने इस्तीफा नहीं दिया है।
सत्ता संगठन में तालमेल बनाए रखने के लिए ही मोहन मरकाम को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से हटाए जाने के बाद उन्हें कैबिनेट में जगह दी जा रही है। शुक्रवार को सुबह साढ़े 11 बजे राजभवन में वह मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही धनेन्द्र साहू को भी मंत्री बनाया जा सकता है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी संकेत दिए हैं। मरकाम और धनेन्द्र साहू के अलावा भी एक और नेता को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है।
मुख्यमंत्री का अधिकार : टेकाम
इस्तीफा देने के बाद प्रेम साय सिंह टेकाम ने कहा है कि, मंत्रिमंडल में किसे कहां जगह देनी है, ये मुख्यमंत्री तय करते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कहने पर इस्तीफा दिया हूं। उन्होंने कहा था कि ऊपर की तरफ से निर्देश है कि, आपको इस्तीफा देना है। इसलिए इस्तीफा दिया हूं। संगठन में रहकर काम करता रहूंगा।
छग से हो रही परिवर्तन की शुरूआत : भूपेश
चुनाव के 4 महीने पहले इस तरह के फेरबदल और प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि संगठन में लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारी मिलती रहती है। मोहन मरकाम का कार्यकाल समाप्त हो चुका था। सभी प्रदेशों में बदलाव हो रहे हैं और रायपुर महाअधिवेशन में पारित हुआ था कि 50 फीसदी जो सीटे हैं, वह 50 साल के कम उम्र वालों को मिलनी चाहिए। हमारे यहां शुरुआत हो रही है। दीपक बैज अभी मुश्किल से 42 के हैं। भूपेश ने कहा कि आगामी चुनाव में इसका अच्छा प्रभाव पड़ेगा। टीएस सिंहदेव को डिप्टी सीएम बनाने और मोहन मरकाम को प्रदेश अध्यक्ष के पद की जगह दूसरी जिम्मेदारी देने का फैसला दिल्ली में हुई बैठक में लिया गया था।
मंत्री पद की शपथ लेने से पहले भूपेश बघेल से मिले मरकाम
मंत्री पद की शपथ लेने से पहले मोहन मरकाम ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की है। मुलाकात के बाद मोहन मरकाम ने ट्वीट कर मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए हार्दिक आभार जताया है। मोहन मरकाम ने ट्वीट कर कहा छत्तीसगढ़ को दुनिया भर में ‘मॉडल’ के रूप में स्थापित करने वाले, देश के नंबर 1 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मुझे मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए हार्दिक आभार। नवा छत्तीसगढ़ की इस यात्रा में अब नई भूमिका में जनसेवा करने का अवसर मेरे लिए सौभाग्य का विषय है।
इस अहम जिम्मेदारी की घोषणा के उपरांत आज मुख्यमंत्री से मिलकर धन्यवाद ज्ञापित किया हैं तैयार हम अबकी बार 75 पार।

