शिक्षा, चिकित्सा हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : भूपेश, सरगुजा को मिली बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया मेडिकल कॉलेज भवन का लोकार्पण
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यहां अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सरगुजा जिले में आयोजित राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास, भूमि पूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में उप मुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया भी शामिल रहे। जिले में कार्यक्रम स्थल पर नगर निगम अम्बिकापुर महापौर डॉ अजय तिर्की, सभापति अजय अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिष्ठा ममगई, अधिकारी-कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार खेल व शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र के समावेशी विकास के लिए लगातार सार्थक प्रयास राज्य शासन द्वारा किए जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने क्षेत्रवासियों को सुसज्जित व सर्वसुविधायुक्त इनडोर स्टेडियम मिलने पर बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने खेल प्रेमियों के लिए इसे बहुत ही सुंदर उपहार बताया। उन्होंने कहा खेल, समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण घटक है और इससे निसंदेह नगर वासियों को लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री बघेल ने यहां 4 करोड़ 37 लाख 64 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस सर्वसुविधायुक्त मल्टीपरपज इण्डोर हॉल का लोकार्पण किया। जहां खिलाडिय़ों हेतु 04 बैडमिंटन कोर्ट, 03 टेबल टेनिस, बास्केट बॉल एवं व्हॉलीबॉल कोर्ट की सुविधा है। हॉल का आकार 150.00म65.00 फिट है। मल्टीपरपज इंडोर हॉल में महिला एवं पुरूष खिलाडिय़ों हेतु पृथक-पृथक चेजिंग रूम, वॉशरूम, क्लॉक रूम, खेल उपकरण कक्ष, प्रथम तल में सीटिंग एरिया उपलब्ध है। यहां भविष्य हेतु स्कवैश कोर्ट, शूटिंग रेंज इत्यादि की भी योजना है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री बघेल ने केशवपुर, सोहगा, राजापुर, बिलासपुर तथा निम्हा में 6 करोड़ 86 लाख 11 हजार की लागत से निर्मित स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट विद्यालयों का लोकार्पण किया। वहीं 5 करोड़ 39 लाख 47 हजार रुपए के लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। भूमिपूजन के कार्यों में 3 करोड़ 39 लाख 22 हजार रुपए से महात्मा गांधी स्टेडियम का उन्नयन कार्य, पीजी कॉलेज ग्राउण्ड में एक करोड़ 25 हजार रुपए की लागत से मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कार्य तथा नगर पालिक निगम, अम्बिकापुर के समस्त वार्डो में एक करोड़ रुपए की लागत से विद्युतीकरण कार्य शामिल है।
अनेक सुविधाओं से लैस है मेडिकल कॉलेज
374.08 करोड़ की लागत से निर्मित इस परिसर में मुख्य रूप से 54.26 करोड़ रुपए की लागत से बने महाविद्यालय भवन, 120.73 करोड़ रुपए की लागत से बने हॉस्पिटल भवन के साथ ऑडिटोरियम, छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, डीन आवास सहित अन्य कार्य शामिल है। यह राज्य का छठवां मेडिकल कॉलेज है। इस मेडिकल कॉलेज की खासियत है कि यहां मेडिकल स्टूडेंट्स के कौशल एवं दक्षता विकास के लिए वृहद स्किल्स लैब और बहरेपन के परीक्षण एवं ईलाज की विशेष सुविधा उपलब्ध है। मेडिकल कॉलेज के नवीन महाविद्यालयीन भवन में कुल 07 विभाग संचालित होंगे। जिनमें एनाटॉमी विभाग, बायोकेमेस्ट्री विभाग, फिजियोलॉजी विभाग, कम्यूनिटी मेडिसीन विभाग, फोरेंसिक मेडिसीन विभाग, माइक्रोबायोलॉजी विभाग, फार्माकोलॉजी विभाग विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। यहाँ पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को सुविधाजनक प्रशिक्षण की पूरी व्यवस्था है।

