भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गारंटी : मोदी

भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गारंटी : मोदी

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यहां साइंस कॉलेज मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की छत्तीसगढ़ से जुड़ी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने संकल्प घोषित किया कि ‘बदलबो बदलबो ऐ दारी कांग्रेस के सरकार ला बदलबो।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की गारंटी है। हम भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गारंटी हैं। कांग्रेस का पंजा छत्तीसगढ़ के विकास में बाधक है। कांग्रेस के कोर-कोर में करप्शन है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और छत्तीसगढ़ के पुरखों का मान बढ़ाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के विकास के लिए दिन रात मेहनत कर रही है। विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी, माता बमलेश्वरी, माता दंतेश्वरी, माता महामाया, बाबा भोरमदेव और बाबा गुरु घासीदास की पावन भुइयां में आप सभी को जय जोहार। आप लगातार बारिश के बावजूद भी यहां आए। आपका यह जो जोश उमंग है उसके लिए पहले मैं आपका अभिनंदन करता हूं। आभार व्यक्त करता हूं।
छत्तीसगढ़ के निर्माण में भाजपा की भूमिका अहम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ वह राज्य है, जिसके निर्माण में भाजपा की प्रमुख भूमिका रही है। भाजपा ही छत्तीसगढ़ के लोगों को समझती है। उनकी जरूरतों को जानती है।इसलिए आज दिल्ली से भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के तेज विकास के लिए पूरी ताकत लगा रही है। आज भी यहां के विकास के लिए 7000 करोड़ रुपए से अधिक के कार्य का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इनमें रायपुर से विशाखापटनम इकॉनोमिक कॉरिडोर शामिल है। यह सारी योजनाएं आपके जीवन से मुश्किलें कम करेंगी। यहां रोजगार के हजारों नए अवसर बनेंगे। 2 साल बाद छत्तीसगढ़ के निर्माण के 25 साल पूरे होने जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ का युवा ऊर्जा से भरा हुआ है। कहते भी हैं कि छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है। याद कीजिए गंगा जी को साक्षी मानकर इन्होंने एक घोषणा पत्र जारी किया था। दावा किया था कि 10 दिन के भीतर यह कर देंगे, वह कर देंगे। तब कांग्रेस ने बड़ी-बड़ी बातें की थीं लेकिन आज इस घोषणापत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त ही चली जाती है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस के झूठ, उसके फरेब की पोल खोलने के लिए इनके एक वादे की याद मैं आपको जरूर दिलाना चाहूंगा। छत्तीसगढ़ की माताएं बहनें बेटियां इस बात को जरा गौर से सुनें। छत्तीसगढ़ से जो 36 वादे कांग्रेस ने किए थे, उन वादों में से एक था राज्य में शराब बंदी लागू की जाएगी। कहा यह भी था कि जो अनुसूचित क्षेत्र हैं, वहां ग्राम सभाओं को शराबबंदी का अधिकार दिया जाएगा। अब 5 साल होने को हैं और सच्चाई यह है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ों रुपयों का शराब घोटाला जरूर कर दिया है और इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है।
कांग्रेस के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम
श्री मोदी ने कहा कि आपको एक बात जरूर याद रखनी होगी कि कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह है। अब आप समझ पाएंगे कि आखिरकार पिछले तीन-चार वर्षों में जो चुनाव देश में हुए हैं, उनमें कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अपने नेताओं को क्यों जिम्मेदारी देती रही। घोटाले घपले के आरोप सिर्फ शराब तक ही सीमित नहीं है। यहां ऐसा कोई विभाग नहीं है, ऐसा कोई काम नहीं है जो संदेह के घेरे से बाहर है। कोल माफिया, रेत माफिया, लैंड माफिया, शराब माफिया, न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल फूल रहे हैं। कांग्रेस का पंजा छत्तीसगढ़ के विकास में बाधक है।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *