हिमाचल के नए मुख्यमंत्री बने सुक्खू
सुखविंदर ने राज्य के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, मुकेश अग्निहोत्री बने प्रदेश के पहले उप मुख्यमंत्री

हिमाचल के नए मुख्यमंत्री बने सुक्खूसुखविंदर ने राज्य के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, मुकेश अग्निहोत्री बने प्रदेश के पहले उप मुख्यमंत्री

शिमला। हिमाचल में रविवार दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस दौरान राहुल, प्रियंका और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद रहे। प्रियंका ने मुख्यमंत्री पद की दावेदार रहीं प्रतिभा सिंह को अपने बगल में बैठाया। सुक्खू ने सभी कांग्रेस विधायकों के साथ मंच से समर्थकों का अभिवादन किया। रिज मैदान में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ ने सुक्खू के साथ-साथ डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री को भी शपथ दिलाई। इससे पहले सुबह-सुबह सुक्खू खुद प्रतिभा सिंह को शपथ समारोह का न्योता देने पहुंचे। सुक्खू ने कहा, पार्टी पहले है, मुख्यमंत्री बाद में। प्रतिभा सिंह मेरी आदर्श हैं।

हिमाचल के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की मां संसार देवी भी शपथ ग्रहण समारोह में पहुंची थीं। राहुल गांधी को जब पता चला कि वह मंच के सामने बैठी हैं तो राहुल ने उन्हें मंच पर बुलाया और उनसे मिले। प्रियंका गांधी ने सुक्खू की मां को गले लगाया और मंच पर अपने पास बैठाया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल में एक स्थिर सरकार बनेगी। हम एकजुट होकर काम करेंगे। बता दें कि प्रतिभा मुख्यमंत्री पद की दावेदार थीं। वे सुक्खू के नाम से नाराज भी बताई जा रही थीं। सुक्खू से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह का मंत्री बनाना ऑलमोस्ट तय है।

चौथी बार विधानसभा पहुंचे सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू चौथी बार और मुकेश अग्निहोत्री पांचवी बार विधानसभा पहुंचे हैं। इससे पहले सुक्खू कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष, एसएसयूआई के अध्यक्ष, शिमला में एमसी के दो बार पार्षद, युवा कांग्रेस प्रमुख और 2022 में चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष चुने गए थे। हाईकमान की तरफ से सुक्खू के नाम पर मुहर लगने के बाद शनिवार शाम शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सुक्खू को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया था। 

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह दूसरी बार विधानसभा पहुंचे हैं, जबकि मुकेश अग्निहोत्री पांचवी बार विधायक चुने गए हैं। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 68 में से 40 सीटें जीती हैं और रिवाज बदलने का दावा करने वाली भाजपा 25 सीटों पर सिमट गई है। हाईकमान की मुहर लगने के बाद शनिवार शाम विधानसभा में संपन्न विधायक दल में सुखविंद्र सिंह सुक्खू को औपचारिकता तौर पर मुख्यमंत्री घोषित किया गया।

प्रियंका की अपील लाई रंग

प्रियंका गांधी ने चुनाव की घोषणा के बाद अपनी पहली चुनावी जनसभा हिमाचल के मंडी में की थी। यहां पर उन्होंने प्रदेशवादियों से पहाड़ों पर हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा कायम रखने की अपील करते हुए कहा था कि बार-बार रिपीट होने से नेताओं के दिमाग खराब होते हैं। इसलिए पांच-पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा बहुत अच्छी है। 

सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथग्रहण के लिए शिमला के रिज मैदान को सजाया गया है। इस बीच एक-एक कर कांग्रेस के दिग्गज नेता यहां पहुंच रहे हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी रिज मैदान पहुंच गए हैं। गहलोत ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है। शिमला के मौसम के साथ ही शपथग्रहण समारोह भी शानदार होगा। इससे पहले राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सचिन पायलट भी शिमला पहुंच चुके हैं।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *