छुई खदान धंसने से छह लोगों की मौत, कई घायल
जगदलपुर । नगरनार थाना क्षेत्र के मालगांव में एक छुई खदान में काम करने के दौरान अचानक हुए हादसे में 6 ग्रामीणों की दबकर मौत हो गई, जिसमे 5 महिला 1 पुरुष है। हादसा होने के बाद पुलिस टीम के साथ ही 108 की टीम मौके पर पहुंच घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया ।

मामले के बारे में जानकारी देते हुए नगर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर को नगरनार थाना क्षेत्र के मालगांव में कुछ ग्रामीणों के द्वारा छुईखड़ान में छुई निकलने का काम कर रहे थे कि अचानक ऊपर का छुई भसकने से अचानक मजदूरों के ऊपर आ गिरा, जिसके बाद वहा शोर शराबा शुरू हो गया, वही घटना की जानकारी नगरनार पुलिस के साथ ही आला अधिकारियों को दिया गया, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मौके पर ही 5 ग्रामीणों की मौत हो गई। इसके अलावा कुछ लोग घायल हो गए, वही मौके पर मौजूद ग्रामीणों से अन्य मजदूरों की जानकारी मागी गई है, वही घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवा दिया गया । नगरनार थाना क्षेत्र के मालगांव में खुदाई करने के लिए गांव के लोग छुई खदान गए हुए थे, जहां मिट्टी धसकने से 6 लोगों की मौत हो गई, वही मरने वालों में गांव के सरपंच के बड़े भाई की मौत हो गई, वही उसकी भाभी भी घायल हो गई। घायलों को उपचार के लिए मेकाज लाया गया, वही इस घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री की ओर से मुआवजा की घोषणा की है।
मामले की जानकारी देते हुए सरपंच बलराम बघेल ने बताया कि करीब 2 से 3 दिनों से मालगांव के अलावा लिटीगुड़ा के ग्रामीण छुई के लिए खुदाई कर रहे थे कि अचानक खदान धसकने लगा, जिसमें कमली, शांति, रामेश्वर, कुमारी दसमती, सैतो की मौत हो गई, जबकि लखमी, मनमती घायल हो गए। मृतकों के शव को निकालने के लिए जेसीबी के साथ ही पुलिस टीम, जिला प्रशासन के अलावा आम नागरिक बचाव दल में शामिल हो गए। मृतकों को जहां मेकाज भिजवाया गया, वही घायलों को मालगांव के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेकाज भिजवाया गया। सरपंच बलराम बघेल ने बताया कि बड़ा भाई रामेश्वर आज ही गया हुआ था, साथ में उसकी पत्नी मनमति भी थी। पति के साथ हुए हादसे को देख उसे बचाने की भी कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो पाई, और वह घायल हो गई, जबकि पति का निधन हो गया। बड़े भाई के पांच बच्चे भी हैं, जिसमें 3 लडक़ी व 2 लडक़े है। घटना की जानकारी लगते ही बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पी , कमिश्नर श्याम धावड़े, पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के साथ ही जिला प्रशासन भी मौके पर आ पहुंचे। घटना के बाद से मेकाज डीन डॉक्टर यूएस पैकरा, अधीक्षक डॉक्टर अनुरूप साहु भी अस्पताल पहुंचकर घायलों के संबंध में जानकारी ली।
इस दुखद घटना में रामेश्वर बघेल पिता स्व. तुलसी राम बघेल, उम्र 35 वर्ष , दशमती नाग पति दिलेश्वर नाग उम्र, 35 वर्ष , कुमारी नाग पति ईश्वर नाग, उम्र 23 वर्ष , कमली पति बंशीधर, उम्र 25 वर्ष , शांति नाग पति हरिराम नाग उम्र, 35 वर्ष, शैतो पति कमलसाय, उम्र 32 वर्ष की मृत्यु हो गई। वही इस घटना में 3 महिलायें घायल हुई हैं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार पश्चात् मेडिकल कॉलेज डिमरापाल, जगदलपुर में भर्ती कराया गया है, जिनकी वर्तमान स्थिति चिकित्सक के बताये अनुसार खतरे से बाहर है, जो पूर्णिमा, उम्र 14 वर्ष , मनमती, उम्र 32 वर्ष , लख्मी कश्यप, उम्र 35 वर्ष ।
मौके पर कमिश्नर, बस्तर संभाग एवं पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सहित पुलिस, प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राहत कार्य में लगे हुये हैं।
मुख्यमंत्री ने 6 ग्रामीणों की मृत्यु पर जताई संवेदना
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड के ग्राम मालगांव में छुई खदान के धसकने से हुई 6 ग्रामीणों की मृत्यु पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके साथ ही सभी घायलों के बेहतर उपचार हेतु निर्देशित किया।

