सीएमडी दौरे पर थे खदान में डीजल चोरों व त्रिपुरा के जवानों में मुठभेड़
मामला कुसमुण्डा खदान का, पथराव कर भागे चोर तो जवानों ने वाहन में की तोडफ़ोड़
कोरबा। एसईसीएल की कोयला खदान परियोजनाओं में डीजल की चोरी थम-थम कर किंतु लाखों में हो रही है। कुसमुण्डा बड़ी खदान है जहां डीजल चोर अपने दांव आजमाते हैं। गुरुवार को एसईसीएल बिलासपुर के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. प्रेम सागर मिश्रा क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचे थे और दूसरी ओर कुसमुण्डा खदान में बोलेरो कैम्पर वाहन लेकर डीजल चोर घुसे थे। कुसमुण्डा खदान में बढ़ती चोरी को रोकने के लिए त्रिपुरा रायफल्स के जवानों की तैनाती की गई है। कुसमुण्डा खदान के साइलो के पास आज दोपहर इन जवानों और डीजल चोरों का आमना-सामना होने पर मुठभेड़ के हालात निर्मित हो गए। डीजल चोरों ने त्रिपुरा रायफल्स के जवानों पर पथराव किया। पथराव करते हुए डीजल चोर अपना वाहन छोडक़र भाग निकले, इधर जवानों ने अपना गुस्सा डीजल चोरों के वाहन पर उतारा और जमकर तोडफ़ोड़ करते हुए चक्का निकाल दिया। बता दें कि इन डीजल चोरों का मास्टर माइंड राजा खान बताया जा रहा है। राजा खान के संरक्षण में डीजल चोरों के द्वारा खदान में चल रहे भारी वाहनों से लगभग हर दिन लाखों रुपए के डीजल की चोरी की जा रही है। वैसे तो कुसमुण्डा पुलिस डीजल चोरों पर कार्यवाही करती है लेकिन इनके सरगना तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच सके हैं।

