संसद में सेंध का साजिशकर्ता ललित झा सात दिनों की पुलिस हिरासत में

संसद में सेंध का साजिशकर्ता ललित झा सात दिनों की पुलिस हिरासत में

नई दिल्ली। संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में कथित साजिशकर्ता ललित झा को अदालत ने शुक्रवार को सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पटियाला हाउस स्थित हरदीप कौर की विशेष अदालत ने ललित को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की सात दिनों की हिरासत में भेजने का आदेश दिया। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार रात ललित को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने शुक्रवार को उसे अदालत के समक्ष पेश किया, जहां पुलिस ने ललित की 15 दिनों की हिरासत की गुहार लगाई थी। पुलिस ने अदालत के समक्ष दावा किया कि ललित ने उसके समक्ष साजिशकर्ता होने का दावा किया है। उसी ने लोकसभा के भीतर और बाहर गिरफ्तार आरोपियों के लिए योजना बनाई थी। इसी अदालत ने सागर शर्मा, मनोरंजन डी, अमोल शिंदे और नीलम देवी को कल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की सात दिनों की हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। इन चारों आरोपियों को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम शनिवार या रविवार को संसद में सुरक्षा चूक के सीन को रीक्रिएट करेगी। सूत्रों के मुताबिक, इसके लिए सभी आरोपियों को संसद परिसर ले जाया जाएगा। इससे दिल्ली पुलिस ये पता लगाएगी कि आरोपी कैसे संसद भवन में दाखिल हुए और कैसे अपने प्लान को अंजाम दिया।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *