अनियंत्रित ट्रक की ठोकर से दूल्हा-दुल्हन सहित 5 लोगों की दर्दनाक मौत…
शादी की खुशी एक पल में गम में बदल गई, घटना के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर फरार
जांजगीर चांपा। इस वक्त की बड़ी ख़बर जांजगीर चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र से है जहां शादी की खुशी एक पल में गम में बदल गई। अनियंत्रित ट्रक की ठोकर से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है बलौदा गांव से सोनी परिवार की बारात शिवरीनारायण गई थी। जहां शादी की रस्म पूरी करने के बाद आज सुबह दुल्हन की विदाई हुई।

फिर कार में सवार होकर दूल्हा, दुल्हन सहित पांच लोग वापस बलौदा लौट रहे थे। कार मुलमुला थाना क्षेत्र के पकरिया जंगल के पास पहुंची ही थी कि अनियंत्रित ट्रक ने ठोकर मार दी। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि इसमें पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया।

मृतकों के नाम ओम सोनी, शुभम सोनी-नेहा सोनी (वर -वधु), रेवती सोनी-सरजु सोनी (बहन -बहनोई) बताया जा रहा है। इधर, दुर्घटना के बाद कार से निकल रहा था धुँआ। वहीं मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है.।

जानकारी के मुताबिक, बलौदा निवासी सोनी परिवार के बेटे शुभम सोनी की शादी शिवरीनारायण निवासी नेहा से शनिवार रात को हुई। रविवार तड़के विदाई के बाद दूल्हा शुभम, दुल्हन नेहा, शुभम के पिता ओमप्रकाश सोनी (50), फूफा सरजू सोनी (66) और बुआ रेवती सोनी एक ही कार से घर लौट रहे थे। सुबह करीब 5 बजे पकरिया जंगल में चंडी देवी मंदिर के पास ट्रक ने कार को चपेट में ले लिया।

आमने-सामने ट्रक की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने हादसा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने दुल्हन सहित 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया। थोड़ी देर में उपचार के दौरान दूल्हे ने भी दम तोड़ दिया।

एसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि हादसे के बाद कार से धुआं निकलने लगा। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी बुलाई गई। दमकलकर्मियों ने कार में लगी आग पर काबू पाया। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।

