कुम्हारी हत्याकांड, 3 संदिग्ध हिरासत में

भिलाईनगर (जीआर)। कुम्हारी के आकोला रोड स्थित ग्राम कपसदा के बाड़ी में बुधवार-गुरुवार दरमियानी रात को हुई हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। खासबात यह हि आरोपियों में मृतक का छोटा भाई भी शामिल है और पूरी वारदात का मास्टर माइंड भी वही माना जा रहा है। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस पूरे हत्याकांड को अंजाम दिया है, ऐसा पुलिस का मानना है। बताया जा रहा है यह पूरी वारदात संपत्ति विवाद को लेकर अंजाम दिया हो सकता है। बता दें गुरुवार सुबह कुम्हारी थाना अंतर्गत अकोला रोड ग्राम कपसदा में पुनाराम टंडन की बाड़ी में भोलानाथ यादव उसकी पत्नी नैला यादव सहित दो बच्चे परमद यादव तथा मुक्ता यादव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। ग्राम देरगा सिंधी कला जिला बालंगीर ओड़ीशा निवासी भोला यादव अपने परिवार के साथ इस बाड़ी में रहता था और बीते 12 वर्षों से यहीं पर काम कर रहा था। उसके दो बच्चे और हैं जो उसके बड़े भाई के साथ थे जो इस हत्याकांड का शिकार होने से बच गए। घटना की सूचना के बाद गुरुवार को सुबह से ही जिले के तीन थानों की पुलिस व एसपी डॉक्टर अभिषेक पल्लव, एएसपी संजय धु्रव सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपट्र्स की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जमा किए। घटना की जांच व परिवार के अन्य सदस्यों का बयान लेने के बाद पुलिस को नजदीकी व्यक्ति पर ही शक हुआ। बताया जा रहा है कि भोला यादव के तीन भाई हैं। दो बड़े और एक छोटा भाई है। दो भाई भी अपने परिवार के साथ कुम्हारी में भी इसी तरह बाड़ी में काम करते हैं।
छोटे भाई सहित तीन हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में मृतक भोला यादव के छोटे भाई व उसके दो साथियों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात को आरोपियों ने नदी किनारे शराब पी और उसके बाद हत्या के इरादे से बाड़ी में पहुंचे। यहां पर आवाज देकर गेट खुलवाया होगा। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर ऐसा अनुमान लगाया है, कि बड़ा भाई भोला यादव ने गेट खोला तो पहले उसकी वहीं पर हत्या कर दी। इसके बाद बाडी में बने घर में पहुंचे और वहां उसकी पत्नी व दोनों बच्चों की हत्या के बाद घर में रखा कैश लेकर फरार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जल्द करेंगे मामले का खुलासा
कुम्हारी के अकोला रोड स्थित बाड़ी में भोला यादव व उसके परिवार की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें मृतक का छोटा भाई व उसके दो साथी शामिल होने की बात कही जा रही है। पुलिस को इनके खिलाफ काफी सारे साक्ष्य मिलें हैं। संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। संदेहियों के पास से कैश भी बरामद किये जाने की बात भी कही जा रही है। इस हत्याकांड के कुछ और साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। डॉ अभिषेक पल्लव एसपी ने देशबन्धु को बताया कि मृतक के छोटे भाई के घर से पुलिस ने हत्या में उपयोग में लाया हथियार को जप्त किया है। मृतक के भाई के घर से 5 लाख रुपये नगद भी प्राप्त हुआ है।

