गैस सिलेंडर 200 रुपए हुआ सस्ता रसोई गैस उपभोक्ताओं को राहत

गैस सिलेंडर 200 रुपए हुआ सस्ता रसोई गैस उपभोक्ताओं को राहत

नई दिल्ली। सरकार ने ओणम और रक्षाबंधन के त्योहार पर देश के 33 करोड़ रसोई गैस उपभोक्ताओं को तोहफा देते हुए प्रति सिलेंडर दाम 200 रुपए कम करने और 75 लाख नए उज्ज्वला कनेक्शन जारी करने की मंगलवार को घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में यहां हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने यहां मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश की बहनों को तोहफे के रूप में प्रधानमंत्री श्री मोदी का यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। इससे वर्ष 2023-24 में सरकारी खजाने पर 7680 करोड़ रुपए का भार पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्हें 200 रुपए की मौजूदा सब्सिडी के साथ ही 200 रुपए की कमी का भी फायदा होगा। उन्हें अब 400 रुपए बचेंगे। श्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में 75 लाख नए उज्ज्वला गैस कनेक्शन जारी करने का फैसला किया है। इस तरह से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों की संख्या 10.35 करोड़ हो जाएगी।
मार्च में 50 रुपए की हुई थी बढ़ोतरी
14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम मार्च 2023 में 50 रुपए बढ़ाए गए थे। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 1103 रुपए हो गई थी। इससे पहले 6 जुलाई 2022 को दामों में बदलाव किया गया था। तब भी कीमतें 50 रुपए बढ़ाई गई थी।
जून 2020 से नहीं मिल रही सब्सिडी
जून 2020 से एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी नहीं मिल रही है। दिल्ली में जून 2020 में बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर 593 रुपए में मिलता था, जो अब 903 रुपए का हो गया है। अब केवल उज्जवला योजना के लाभार्थियों को 200 रुपए की सब्सिडी मिलती है। उज्जवला के लाभार्थियों को अब सिलेंडर करीब 700 रुपए में मिलेगा।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *