प्रदेश में 75 से अधिक कांग्रेस के विधायक होने चाहिए-भूपेश, दावेदारों को सीएम की खरी-खरी, भितरघात किया तो खैर नहीं

प्रदेश में 75 से अधिक कांग्रेस के विधायक होने चाहिए-भूपेश, दावेदारों को सीएम की खरी-खरी, भितरघात किया तो खैर नहीं

बिलासपुर। दावेदारों को सीएम की खरी-खरी, भीतरघात किया तो नहीं बनेगी बात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज को गवाही रखकर उन्होंने अपनी बात कही। सीएम का साफ संदेश था कि तीन महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव का काफी महत्व है। ऐसे दौर में भीतरघात करना या पार्टी अनुशासन के खिलाफ जाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनुशासन के दायरे में रहते हुए अपना काम करने और अपनी बात कहने की बात कही। सीएम बघेल ने बेलतरा विधानसभा में दावेदारों की बढ़ी हुई संख्या को लेकर चिंता जताई और अपने मन की बात सार्वजनिक कर दी। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र का संकल्प शिविर बहतराई स्थित स्व बीआर यादव स्टेडियम में आयोजित किया गया था। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से इंडोर स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था। मुख्यमंत्री बघेल ने पदाधिकारियों के बीच ईडी और आइटी का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। केंद्र सरकार की मंशा को लोगों के बीच लेकर जाने और छत्तीसगढ़ की अस्मिता और स्वाभिमान के साथ केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे खिलवाड़ का प्रभावी विरोध करने की बात भी कही।

उन्होंने साफ कहा कि भाजपा के नेता चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर चूके हैं। कार्यकर्ता हताश हैं। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में चुनाव लडऩे के लिए ईडी और आइटी को हथियार बनाया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर से भाजपा और उनके नेताओं पर जमकर हमला बोला और ईडी व आइटी को भाजपा का विंग बताया। उन्होंने कहा कि जैसे कांग्रेस में महिला कांग्रेस होता है, युवा कांग्रेस होता है, सेवा दल होता है वैसे ही भाजपा के दो और विंग है जिसे ईडी और आइटी के नाम से जानते है। अभी दो महीना बहुत छापा पड़ेगा, लेकिन डरना नहीं है बल्कि मुकाबला करना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बेलतरा से 98 लोगों ने दावेदारी की है लेकिन टिकट एक को मिलना है। टिकट किसी 99वां को भी मिल सकता है।
कांग्रेस द्वारा आयोजित संकल्प शिविर के दूसरे दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज कोटा, बिलासपुर और मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। वहां आयोजित संकल्प शिविर में उपस्थित कार्यकर्ताओं को कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर भूपेश बघेल ने कहा की जबसे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से हम जनता को सक्षम और आर्थिक रूप से संपन्न बनाने का प्रयास कर रहे है। आज मंहगाई का दौर चल रहा है, हर चीज मंहगा हो गया है। ऐसे समय में सरकार ने सबसे पहले किसानो का कर्जा माफ किया, किसानो का धान पहले ढाई हजार रुपए में फिर 26 सौ रुपए क्विंटल के सिसाब से खरीदा गया, हर परिवार को 35 किलो चावल दिया गया, कोदो, कुटकी, रागी समेत 60 से अधिक प्रकार के वनोपज का समर्थन मूल्य तय करके उसकी भी खरीदी की गई। गौ पलकों को संपन्न बनाने के लिए गोबर और गौमूत्र तक खरीदा गया। बेरोजगारी को बेरोजगारी भत्ता भी दे रहे है। दूसरी ओर भाजपा ने 15 साल लोगों को केवल ठगने का काम किया है। कभी चावल के नाम पर, कभी गाय बांटने के नाम पर ठगा, कभी बोनस के नाम पर ठगा तो कभी चिटफंड के नाम पर ठगा, तो कभी बायोडीजल के नाम पर ठगा। बायोडीजल के नाम पर अरबों रुपए खर्च कर दिए लेकिन एक लीटर बाड़ी से तेल नही निकाल पाए। चिटफंड कंपनियां यहां के लाखों लोगों का पैसा लेकर भाग गए और भाजपा के नेता सर्टिफिकेट बांटते रहे। यही नहीं नसबंदी के नाम पर 13 से अधिक महिलाओं की जान ले ली गई, सैकड़ों बहनों के पेट से गर्भाशय तक निकल लिए, 40 से अधिक लोगों की आंखे निकाल ली गई। 40 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती हो रही है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा की भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार ने हर वर्ग के लिए काम किया है। किसानो से धान खरीदा, आदिवासी क्षेत्रों से वनोपज की खरीदी की, बेरोजगारों भत्ता दिया, नौकरी दी, गोबर और गौमूत्र की खरीदी की जबकि दूसरी ओर भाजपा के 15 साल को देखेंगे तो पाएंगे कि केवल कमीशनखोरी हुई है। टिफिन बांटो कमीशन खाओ, जूता बांटो कमीशन खाओ, मोबाइल बांटो कमीशन खाओ, साइकिल बांटो कमीशन खाओ, रतनजोत लगाओ कमीशन खाओ, पूरा 15 साल कमीशनखोरी में निकल गया। उद्बोधन के बाद उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई गई की बेलतरा से जिसे भी टिकट मिलेगी उसे जीताकर विधानसभा भेजेंगे।
कोटा की शिविर में कार्यकर्ताओं से की सीधी बात
मंगलवार को दूसरे चरण में संकल्प शिविर की शुरुआत कोटा विधानसभा क्षेत्र से हुई। कोटा के एलबीडी स्कूल परिसर में शिविर का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री ने यहां कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया। सीएम ने पूर्ववर्ती राज्य सरकार और पूर्व सीएम डा रमन सिंह को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि डा रमन सिंह ने किसानों के साथ छल किया है। बोनस नहीं दिया। राशन कार्ड में घोटाला किया। चुनाव के पहले थोक के भाव में राशन कार्ड बांटते थे और चुनाव के बाद उसी अंदाज में काटते थे। आदिवासियों को जर्सी गाय देने का वायदा किया था। सीएम ने कार्यकर्ताओं से पूछा कोटा विधानसभा क्षेत्र के आदिवासियों को गाय मिली थी क्या। आदिवासी आज भी गेरवा लेकर गाय का इंतजार कर रहे हैं। फिर सीएम ने कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं जिसे रमन सिंह ने ठगा नहीं। किसान भाजपा के साथ नहीं है।
राहुल गांधी ने जो वायदा किया उसे हमने पूरा किया
सीएम बघेल ने कहा कि वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के समय हमारे नेता राहुल गांधी आए थे। उन्होंने किसानों का कर्ज माफ करने और 2500 क्विंटल धान खरीदने का वायदा किया था। सरकार बनते ही सबसे पहला काम कर्जा माफी किया। धान भी हम खरीद रहे हैं। बोनस भी दे रहे हैं। बोनस मिल रहा है या नहीं। खाते में पैसे जमा हुआ या नहीं। सीएम ने कार्यकर्ताओं से पूछा। कार्यकर्ताओं ने हां में जवाब दिया।
वोट के महत्व को इस अंदाज में समझाया
सीएम बघेल ने वोट के महत्व को रोचक अंदाज में समझाया और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कुछ इसी तरह का मुद्दा लोगों के बीच उछालना है। पंजा छाप का बटन दबाने से छत्तीसगढ़ की उन्नति और विकास होगा। छग की अस्मिता का सम्मान होगा। कमल छाप में बटन दबाने से छत्तीसगढ़ में अदाणी आ धमकेगा। गारेपेल्मा के बाद एसईसीएल पर कब्जा कर लेगा।
दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं को किया चार्ज
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संकल्प शिविर का मकसद है कि हमारा एक-एक कार्यकर्ता इस शिविर के माध्यम से कांग्रेस सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाये और संकल्प लेकर जाए। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार पुन: बनाना है और गांव गरीब लोगों की सेवा करना है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार का साढे चार साल पूरा हुआ। भाजपा के 15 साल की सरकार में सिर्फ और सिर्फ झूठ और फरेब की राजनीति चला है।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *