कमिश्नर डॉ अलंग ने किया गिरदावरी कार्य का निरीक्षण

मुंगेली (जीआर)। बिलासपुर राजस्व संभाग के कमिश्नर डॉ संजय अलंग ने आज जिले के विकासखण्ड मुंगेली के ग्राम धरमपुरा में किसानों के खेत तक पहुंचकर गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों द्वारा ली गई फसल के वास्तविक रकबे का खसरा एवं नक्शा से मिलान कर फसल की सही जानकारी को ही ऑनलाईन प्रविष्टि करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अभिलेखों की शुद्धता, समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत रकबे के आधार पर किसानों को लाभ दिया जाता है। इसके लिए वास्तविक कृषक, भूमि की सही रकबे, उसमें लगाई गई फसलें इत्यादि गिरदावरी की शुद्धता पर निर्भर करता है और किसान त्रुटि रहित गिरदावरी से ही लाभान्वित होते हैं। अत: उन्होंने गिरदावरी कार्य को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसी तरह उन्होने पड़त भूमि का रकबा, धान के किस्म, पेड़, मकान, सिंचाई के साधन इत्यादि की भी प्रविष्टि के संबंध में जानकारी प्राप्त की और गिरदावरी के कार्य को निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से भी चर्चा की और उनसे भूमि में ली गई फसलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर बिलासपुर राजस्व संभाग बिलासपुर के डिप्टी कमिश्नर (राजस्व) अखिलेश साहू, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती नम्रता आनंद डोंगरे, मुंगेली अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अमित कुमार, तहसीलदार लीलाधर धु्रव सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कमिश्नर ने की अधिवक्ताओं किसानों से की सौजन्य मुलाकात
बिलासपुर राजस्व संभाग के कमिश्नर डॉ. संजय अलंग और कलेक्टर राहुल देव ने आज तहसील कार्यालय मुंगेली के सभाकक्ष में अधिवक्ताओं और किसानों से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं से राजस्व प्रकरणों के निराकरण, पटवारी प्रतिवेदन, नोटिस तामिली, जमीन रजिस्ट्री आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की और उनके कार्यों में सहयोग प्रदान करने की बात की। इसी तरह कमिश्नर श्री अलंग ने ग्राम संगवाकापा के कृषक संतराम, चमारी टिंगीपुर के कृषक नंदकुमार यादव, ग्राम मानपुर के कृषक शिवदयाल आदि किसानों के पास स्वयं पहुंचकर खेती किसानी के साथ-साथ उनके भूमि का लंबित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की और तहसीलदार को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर कमिश्नर अलंग ने किसानों को अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत फलदार व इमारती पौधारोपण, राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत धान के बदले सुगंधित धान, दलहन एवं तिलहन की फसल लेने, फसलों में वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। सौजन्य मुलाकात के दौरान कलेक्टर श्री राहुल देव, बिलासपुर राजस्व संभाग बिलासपुर के डिप्टी कमिश्नर (राजस्व) अखिलेश साहू, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती नम्रता आनंद डोंगरे, मुंगेली अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अमित कुमार और तहसीलदार लीलाधर ध्रुव उपस्थित थे।

