दुष्कर्म पीडि़त की मां को झूठे मामले में पुलिस ने भेजा जेल, विरोध में रतनपुर बंद, थाना प्रभारी लाइन अटैच एएसपी के नेतृत्व में तीन सदस्यी टीम करेगी मामले की जांच प्रदर्शनकारियों ने किया जाम, करैहापारा में बढ़ाई गई सुरक्षा

दुष्कर्म पीडि़त की मां को झूठे मामले में पुलिस ने भेजा जेल, विरोध में रतनपुर बंद, थाना प्रभारी लाइन अटैच एएसपी के नेतृत्व में तीन सदस्यी टीम करेगी मामले की जांच प्रदर्शनकारियों ने किया जाम, करैहापारा में बढ़ाई गई सुरक्षा

बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र में रहने वाली महिला के खिलाफ कुकर्म का मामला दर्ज होने के बाद हिंदूवादी संगठनों में नाराजगी है। हिंदूवादी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मामले की जांच और थाना प्रभारी कृष्णकांत को हटाने की मांग को लेकर शनिवार को थाने का घेराव कर दिया। इसके बाद रविवार को बंद का आह्वान किया गया। रविवार की सुबह एसपी संतोष कुमार सिंह ने रतनपुर थाना प्रभारी कृष्णकांत सिंह को लाइन अटैच कर दिया है।

एसपी संतोष सिंह ने बताया कि कुकर्म के मामले में जेल में बंद महिला की बेटी और समाज के प्रतिनिधियों ने मामले की जांच की मांग की है। इस पर एएसपी राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में तीन सदस्यी टीम का गठन किया गया है। इसमें कोटा एसडीओपी और सिविल लाइन थाना प्रभारी परिवेश तिवारी को शामिल किया गया है।

टीम मामले की जांच कर सात दिनों में अपना रिपोर्ट पेश करेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक तरफ रविवार की सुबह लोगों ने शांति मार्च निकालकर सद्भाव बनाए रखने की अपील की। वहीं, दूसरी ओर रविवार की दोपहर अलग-अलग संगठनों के सदस्य बाहर से रतनपुर आना शुरू हो गए। बाहर से आए लोगों की भीड़ बढऩे के बाद कुछ लोगों ने महामाया चौक के पास चक्काजाम कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस के अधिकारियों ने लोगों को समझाईश देकर लोगों को शांत कराया। दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद युवक और उसके स्वजन करैहापारा के रहने वाले हैं। रविवार की सुबह कुछ प्रदर्शनकारी आरोपी युवक के घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसकी जानकारी होते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही प्रदर्शनकारी मौके से भाग खड़े हुए। इधर इस घटना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया है। पूरे करैहापारा में जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं।

पुलिस और प्रशासन मुस्तैद, अतिरिक्त बल बुलाया
मामला बिगड़ता देख देर रात ही रतनपुर में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी रतनपुर पहुंच गए हैं। रतनपुर में जगह-जगह जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति की अपील की है। पुलिस के जवान नगर में लगातार गश्त कर रहे हैं।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *