टंगिये से पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति फांसी पर झूला कोटा के ग्राम पंचायत मोहनभाटा की घटना घरेलू विवाद में की हत्या
बिलासपुर। घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की जान ले ली और खुद भी फांसी के फंदे पर झूल कर आत्महत्या कर ली। यह ह्रदय विदारक घटना कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोहन भाटा की है। यहां रहने वाले 55 वर्षीय कोमल बघेल का आये दिन अपनी पत्नी के साथ विवाद होता रहता था। घटना वाली रात भी कोमल शराब पीकर आया। किसी दवाई को लेकर कोमल बघेल और उसकी पत्नी तीतरी बाई बघेल 52 वर्ष के बीच विवाद होने लगा। कहासुनी इस हद तक बढ़ गई कि तैश में आकर कोमल बघेल ने घर में रखे टंगिये से मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी।

मां की चीख सुनकर छोटी बेटी दौडक़र पहुंची लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो गया था। इधर पत्नी की हत्या करने के बाद डर और आत्मग्लानि में कोमल बघेल ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना पाकर कोटा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बताया जा रहा है कि कोमल बघेल अपनी अधेड़ पत्नी पर चरित्र संदेह भी किया करता था। यह भी झगड़े की एक वजह थी। पुलिस मामले में आगे की जांच कार्यवाही कर रही है। पुलिस ने बताया कि चरित्र शंका पर पति द्वारा शराब पीकर टांगी से वार कर पत्नी को हत्या कर स्वयं आरोपी पति फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया गया,सूचना पर मर्ग कायम कर मर्ग पंचनामा कार्रवाई में लिया गया है मृतक -कोमल प्रसाद बघेल पिता सुखरु बघेल उम्र 55 साल साकिन मोहन भाटा मृतिका तीतरी बाई बघेल पति कोमल प्रसाद उम्र 52 साल साकिन मोहन भाटा थाना कोटा निवासी है। पुलिस आगे भी मामले की जांच कार्रवाई कर रही है।


