महावीर नगर चौक से उस्लापुर ओवरब्रिज तक सडक़ का काम शीघ्र होगा प्रारंभ निगम कमिश्नर ने मौके का किया निरीक्षण काम जल्द शुरू करने के निर्देश दोनों सडक़ें बारिश के पहले पूरी करने की योजना
बिलासपुर। महावीर नगर चौक से उस्लापुर ओवरब्रिज तक 900 मीटर नए सडक़ का काम जल्द शुरू होगा,इसके लिए निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत ने महावीर चौक से ओवरब्रिज के नीचे तक पैदल चलकर मुआयना किया। इस दौरान निगम कमिश्नर श्री दुदावत ने शासकीय जमीन से हटाए अतिक्रमण के मलबे को साफ कर जल्द काम प्रारंभ करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को बारिश के पहले निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए है।
सडक़ निर्माण में बाधा बने सभी अतिक्रमण हटा लिए गए है,एक समाज के भवन का बाउंड्रीवाल बचा है जिसे समाज द्वारा खुद से हटाने का अनुरोध किया गया था,निगम कमिश्नर ने उक्त बाउंड्रीवाल को भी हटवाने के निर्देश दिए है।
निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत ने खसरा नंबर 1552 से अतिक्रमण हटाकर खाली किए गए जमीन का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर ने सडक़ निर्माण के दौरान ट्रैफिक का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए है,ताकि निर्माण के दौरान और बाद में भी यातायात का संचालन सुगम रूप से हो सकें।
18 से 24 मीटर चौड़ी होगी सडक़
उस्लापुर रोड में महावीर नगर चौक से उस्लापुर ओवरब्रिज तक 900 मीटर नई सडक़ बनेगी जो 18 से 24 मीटर तक चौड़ी होगी। सडक़ के किनारे ड्रेन भी बनाया जाएगा तथा डिवाइडर भी। गौरव पथ की ओर से आने वाले सभी वाहन इस सडक़ के ज़रिए सीधे ओवरब्रिज पहुंच सकेंगे। इस नई सडक़ के बन जाने से उस्लापुर रोड का हैवी ट्रैफिक कम और सुव्यवस्थित होगा. इसके बन जाने से रहागीरों को काफी राहत मिलेगी।
चौड़ीकरण कार्य तेज करने के निर्देश
उस्लापुर रेल्वे ओव्हरब्रिज से लेकर सकरी बाईपास चौक तक नगर निगम द्वारा सवा चार किमी सडक़ का उन्नयन और चौड़ीकरण किया जा रहा है.जिसके प्रथम चरण के तहत उस्लापुर आरओबी से फोर्ड शो रूम तक 2.5 किमी की सडक़ 8 करोड़ 98 लाख रूपये की लागत से बनाया जा रहा है। चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे निगम कमिश्नर श्री कुणाल दुदावत ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश अधिकारी एवं ठेकेदार को दिए। चौड़ीकरण के दूसरे चरण के तहत फोर्ड शो रूम से सकरी बाईपास तक 1.9 किमी सडक़ के लिए 6 करोड़ 89 लाख रूपये की लागत से चौड़ीकरण और उन्नयन का कार्य किया जाएगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य आदेश जारी करने के निर्देश निगम कमिश्नर ने दिए । निगम कमिश्नर ने दोनों चरणों के कार्यों को बारिश के पहले पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए है। सडक़ चौड़ीकरण और उन्नयन के तहत मार्ग के दोनों ओर चार-चार मीटर चौड़ाई बढ़ाई जाएगी,सडक़ के बीच में डिवाइडर बनाया जाएगा,स्ट्रीट लाइट और दोनों तरफ नाली के निर्माण के साथ पूरे मार्ग का उन्नयन किया जाएगा।

