कोविड अस्पताल में तैयारी परखने 10 और 11 को माकड्रिल
कोरोना महामारी से निपटने के लिए हर संभव तैयारी की जा रही
बिलासपुर । देश में कोरोना महामारी बढऩे की आशंका है। इन बात को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने उपलब्ध चिकित्सकीय संसाधन और कोरोना प्रोटोकाल के तहत माकड्रिल करने का निर्देश दिया है। इसके तहत संभागीय कोविड हास्पिटल के साथ अन्य सरकारी अस्पतालों में 10 व 11 अप्रैल को माकड्रिल कर तैयारी को परखा जाएगा। इसका मार्गदर्शन सीएमएचओ करेंगे। इसमें जीवनदायनी चिकित्सकीय उपकरणों को चलाने के साथ कोरोना प्रबंधन प्रोटोकाल का पालन करने का अभ्यास किया जाएगा।
कोरोना के मामलों से देश में अलर्ट है। जरा सी लापरवाही से बिलाासपुर में भी कोरोना के मामले बढ़ सकते हैं। ऐसे में हरसंभव प्रयास करते हुए इस महामारी को रोकने की तैयारी जोरों पर चल रही है। वैसे भी कोरोना महामारी को पहले से झेल चुके हैं। लेकिन, इस महामारी से लडऩे के लिए चिकित्सकीय संसाधनों में काफी इजाफा किया गया है। ऐसे में मौजूदा स्थिति में कोरोना महामारी से निपटने के लिए पर्याप्त चिकित्सकीय संसाधन उपलब्ध हैं। इन संसाधनों को फिर से अपडेट किया जा रहा है। इसी को लेकर केंद्र सरकार के निर्देश पर माकड्रिल का आयोजन होगा। इसमें चिकित्सकीय उपकरण का उपयोग व कोरोना प्रबंधन प्रोटोकाल की जांच की जाएगी। इसमें कोरोना काल में आए हुए चिकित्सकीय संसाधनों का फिर से उपयोग करके देखा जाएगा। इससे यह पता चल पाएगा कि सभी चिकित्सकीय मशीन सही तरीके से काम कर रही हैं या नहीं। यदि इन मशीनों में खामी मिलेगी तो उसे दुरुस्त कराया जाएगा। इसी तरह अस्पतालों में कोरोना प्रोटोकाल का पालन और पहुंचने वाले मरीजों के इलाज की भी रिहर्सल की जाएगी। इससे महामारी से लडऩे की तैयारी व खामी बाहर आ सकेगी। जिसे समय रहते ठीक किया जा सकेगा। डाक्टर अनिल श्रीवास्तव, सीएमएचओ, बिलासपुर ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देश पर मंगलवार को जिला अस्पताल के साथ ही अन्य अस्पतालों में माकड्रिल होगा। इसमें मानव संसाधन के साथ चिकित्सकीय संसाधनों की क्षमता आंकी जाएगी। ताकि कोरोना महामारी बढ़ी तो उससे निपटा जा सके।

