7 अप्रैल को शहर बंद, व्यापारियों का मिला समर्थन
हवाई सुविधा के लिए बंद का आह्वान
बिलासपुर। बिलासपुर से इंदौर हवाई सेवा बंद करने के विरोध में एवं बिलासा देवी एयरपोर्ट चकरभाठा से महानगर तक हवाई सेवा प्रारंभ करने की मांग को लेकर हवाई सेवा संघर्ष समिति ने 7 अप्रैल को शहर बंद करने का ऐलान किया है। समिति के शहर बंद के लिये सभी व्यापारिक संगठन अपना समर्थन दे रहे हैं। चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों से भी 7 अप्रैल के शहर बंद के लिए हवाई सेवा संघर्ष समिति के सदस्य आज मुलाकात कर रहे हैं।
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल ने भी बंद को अपना समर्थन दिया है। 7 अप्रैल को शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठन हवाई सेवा संघर्ष समिति के शहर बंद के समर्थन में पूरे दिन अपनी दुकानें बंद रखने की बात कही है। बंद के समर्थन के लिए हवाई सेवा संघर्ष समिति के सदस्य सुदीप श्रीवास्तव महेश दुबे, मनोज तिवारी, समीर अहमद, बद्री यादव, विजय वर्मा, केशव गोरख, देवेंद्र सिंह, शिवा मुदलियार, रंणजीत खनूजा, अमर बजाज, मनोज श्रीवास, अनिल गुलहरे आदि ने गोल बाजार, शनिचरी बाजार सब्जी व्यापारिक संगठन, भक्त कवर राम कपड़ा मार्केट, जूना बिलासपुर, शनिचरी बाजार व्यापारी संगठन, बर्तन दुकान व्यापारी संघ शनिचरी बाजार, सराफा बाजार सदर बाजार में व्यापारी संगठन, जूना बिलासपुर व्यापारी संघ एवं देवकीनंदन चौक व्यापारी संघ से मुलाकात कर समर्थन मांगा है। शहर के अधिकांश व्यापारी संगठनों ने हवाई सेवा संघर्ष समिति के बंद का समर्थन करते हुए 7 अप्रैल को अपने संस्थान बंद रखने का निर्णय लिया है। पिछले 2 दिनों से हवाई सेवा संघर्ष समिति के सदस्य शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों से मुलाकात कर रहे हैं। और बंद के समर्थन में अपनी दुकानें बंद करने की सहमति दी है। ज्ञात हो कि हवाई सेवा संघर्ष समिति के द्वारा बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट चकरभाटा के विस्तार एवं महानगर तक हवाई सेवा की मांग को लेकर पिछले 4 सालों से आंदोलन कर रहा है। बिलासपुर जिले के 300 से अधिक संगठनों ने समिति के धरना आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। बिलासपुर भोपाल एवं इलाहाबाद दिल्ली हवाई सेवा तो शुरू हो गई। इंदौर हवाई सेवा का लाभ कुछ दिनों तक ही यहां के यात्रियों को मिला और कुछ महीनों में ही बिलासपुर इंदौर हवाई यात्रा की सेवा एयरलाइंस ने बंद कर दिया। इंदौर के यात्रियों को उड़ान योजना के तहतसब्सिडी का लाभ नहीं मिला जिसकी वजह से बिलासपुर से इंदौर की टिकट दर बहुत ज्यादा थी लेकिन यात्रियों की संख्या में कोई कमी नहीं आई फिर भी इंदौर फ्लाइट बंद कर दी गई। बिलासपुर इंदौर हवाई सेवा बंद करने के विरोध में हवाई सेवा संघर्ष समिति के द्वारा 7 अप्रैल को शहर बंद का ऐलान किया गया है और समाजसेवी संगठनों के सहयोग से केंद्र और एयरलाइंस के खिलाफ एक बड़े आंदोलन की तैयारी की है। बिलासपुर बंद के लिए समिति को बड़ा जनसर्मथन मिल रहा है। सभी व्यापारिक संगठन शहर के लिए इस मांगों को जनहित में मानते हुए पूरे दिन दुकान बंद करने का निर्णय लिया है। समिति के प्रमुख सुदीप श्रीवास्तव ने बताया कि बस एवं आटो बंद नहीं रहेंगे। स्वास्थ्य सेवाएं भी बंद से प्रभावित नहीं होंगी। शहर के चिकित्सक भी हवाई सेवा संघर्ष समिति के समर्थन में काम तो करेंगे लेकिन काली पट्टी लगाकर शहर के विभिन्न समाजसेवी संगठनों ने भी शहर बंद का समर्थन करते हुए 7 अप्रैल को विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अपनी जनसमर्थन मिल रहा है।

