सदस्यता रद्द होने के बाद पहली बार बोले राहुल
अडानी पर मेरे अगले भाषण से डरे प्रधानमंत्री मोदी
कांग्रेस नेता ने मोदी-अडानी के रिश्तों पर फिर उठाया सवाल
नई दिल्ली। सूरत की अदालत से सजा सुनाए जाने के बाद लोकसभा की सदस्यता गवाने वाले कांग्रेस नेता ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस की। इसमें राहुल गांधी ने अडानी के साथ रिश्तों को लेकर प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी पर फिर हमला बोला है। कहा संसद में उनके होने वाले अगले भाषण से प्रधानमंत्री डरे हुए हैं, उन्होंने उनकी आंखों में यह डर देखा है। इसीलिए पहले व्याकुलता दिखी और अब उन्हें संसद की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया। लेकिन वे सदस्य रहें या न रहें, बिना डरे जनता की आवाज उठाते रहेंगे।
लोकतंत्र को कमजोर कर रही है सरकार
कांग्रेस मुख्यालय मे आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहाकि देश में लोकतंत्र पर हमला किया जा रहा है। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और अडानी के रिश्तों को लेकर सवाल किया तो उनकी सांसदी चली गई। लेकिन वे रुकेंगे नहीं जनता की आवाज बनकर सवाल करते रहेंगे। उन्होंने सिर्फ अडानी पर एक सवाल किया था। कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे सांसद रहें या न रहें। उनकी सदस्यता स्थायी रूप से खत्म कर दी जाय या उन्हें जेल में डाल दिया जाय, लेकिन वे लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ते रहेंगे और आगे भी सवाल करते रहेंगे।
मोदी-अडानी रिश्ते पर सवाल उठाता रहूंगा
राहुल ने कहाकि संसद में उन्होंने मोदी-अडानी संबंधों को लेकर सवाल किया तो उनके भाषण को कार्यवाही से निकाल दिया गया। संसद में बोलने के लिए दो बार लोकसभा अध्यक्ष को खत लिया और मिलकर भी उनसे बात की। लेकिन उन्होंने कुछ करने में असमर्थता जता दी। उनके कुछ मंत्रियों ने गलत आरोप लगाया कि वे देश के मामले में विदेशी ताकतों से मदद मागी है। जबकि ऐसा कुछ नही है। असल मुद्दा लोगों का ध्यान भटकाने का है। लेकिन वे मोदी-अडानी रिश्तों को लेकर सवाल उठाते रहेंगे।
भ्रष्ट अडानी को बचा रहे हैं प्रधानमंत्री
राहुल ने कहाकि प्रधानमंत्री से अडानी के साथ रिश्तों पर जो सवाल वे पूछ रहे थे,उसी से बचने के लिए यह सब कुछ किया गया। वे भ्रष्ट अडानी को बचा रहे हैं। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि अडानी की शेल कंपनियों में 20 हजार करोड़ लगाए गए,यह पैसा किसका है? अडानी देश से ऊपर हो गया है। अडानी माने मोदी और मोदी माने अडानी हो गया है।
सावरकर नहीं गांधी हूं, माफी नहीं मांगूंगा
राहुल गांधी ने कहा कि वह सावरकर नहीं, गांधी हैं। माफी नहीं मांगेंगे। मानहानि के एक मामले में दोषी ठहराए जाने व संसद से निष्कासन के एक दिन बाद उन्होंने कहा, मैं गांधी हूं, सावरकर नहीं और गांधी परिवार माफी नहीं मांगता।
विपक्ष को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया
वायनाड के पूर्व सांसद ने विपक्ष को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि उनकी अयोग्यता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ एक हथियार होगी। राहुल गांधी ने कहा, मुझे खुशी है कि उन्होंने अब तक का सबसे अच्छा उपहार दिया है।
वायनाड में दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन
तिरुवनंतपुरम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संसद से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी है। केरल में वायनाड लोकसभा क्षेत्र के कलपट्टा में प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका।

