आरपीएफ की तत्परता से चोरी होने से बचे पांच लाख के गहने,यात्री को सुरक्षित लौटाया
अमरकंटक एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान डिब्बे में छूट गया था हार,चूडी व झुमका
बिलासपुर । रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता की वजह से एक यात्री के पांच लाख रुपये के गहने गुम या चोरी होने से बच गए। यह गहने एक डिब्बे में रखे हुए थे। यात्री सफर के दौरान सीट के नीचे भूल गए और गंतव्य स्टेशन पर उतर गए। बाद में जब उनकों सामान छूटने की याद आई तो वह परेशान हो गए। उन्होंने आरपीएफ से मदद मांगी।
इस पर ट्रेन गश्त कर रहे सहायक उप निरीक्षक आरपीएफ शुक्ला व तीन बल सदस्यों को जानकारी दी गई। वह यात्री के बर्थ पर पहुंचकर जांच किए। सामान सीट के नीचे रखा हुआ था। सामान सुरक्षित मिलने की सूचना दी गई। बाद में यात्री को सामान लौटा दिया गया। इसके बाद ही यात्री ने राहत की सांस ली। मामला सोमवार का है। 12854 अमरकंटक एक्सप्रेस के एस-12 कोच की बर्थ नंबर 52 में 72 वर्षीय यात्री डा.एमजी रामपुरी निवासी वार्ड नंबर 19 विकट गंज थाना उमरिया भोपाल से उमरिया तक यात्रा कर रहे थे। वह यात्रा के दौरान एक डिब्ब रखे थे। जिसके अंदर एक रानी हार तीन तोला,एक हार डेढ़ तोला,चार चूड़ी चार तोला,कान का झुमका एक तोला आदि रखे थे। जिसकी अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये है। हड़बड़ी में वह सीट के नीचे ही गहने से भरा डिब्बा भूल गए। ट्रेन से उतरने के बाद यात्री को सामान छूटने की याद आई। वह परेशान होकर स्टेशन में मदद के लिए इधर-उधर भटकने लगे। इसी बीच वह आरपीएफ को जानकारी दी। आरपीएफ कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद सबसे पहले यह देखा गया कि ट्रेन अभी कहां पहुंची है। साथ ही ट्रेन में तैनात अनुरक्षण दल में कौन- कौन है। इस जानकारी को खंगालने के बाद उन्होंने अनुरक्षण दल को को सूचना दी। इसी तत्परता के कारण उनका सामान सुरक्षित मिल गया। इसके बाद अनुरक्षण दल ने गहने को लेकर अनूपपुर स्थित आरपीएफ पोस्ट में लाकर जमा किया। यात्री के आरपीएफ पोस्ट पहुंचने के बाद पहले पूरी तस्दीक की गई। इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद यात्री गहने वापस कर दिए गए।

