कब्जे की भूमि का पट्टा मांगने पहुंची महिलाएं
बिलासपुर । मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के सीपत बूढ़ी खार गांव के आज अनेक परिवार स् अपनी जमीन का स्थाई पट्टा की मांग को लेकर कलेक्टर के जनदर्शन में पहुंचे थे। कलेक्टर जनदर्शन में मौजूद नहीं थे लेकिन अतिथि जिलाधीश से महिलाओं ने मुलाकात की और कहा कि बूढ़ी खार सीपत समेत कई गांव में गांव में अभी तक पट्टा देने के लिए राजस्व विभाग द्वारा सर्वे नहीं किया गया है। यहां बूढ़ी खार के बेड़ा पार वार्ड क्रमांक नवोदय विद्यालय के पास लगभग 300 से अधिक परिवार 300 से अधिक परिवार कई सालों से शासकीय जमीन में रह रहे हैं लेकिन अभी तक जिला प्रशासन के द्वारा इन्हें पट्टा देने की कार्रवाई नहीं की गई है । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सभी गरीब परिवारों को आवास पट्टा देने की घोषणा की थी। लावर गांव की मोती बाई, फूल बाई पिछले कई सालों से झोपड़ी में निवास कर रही है उन का कहना है कि यदि उसे स्थाई पट्टा मिल जाता है तो कम से कम रहने के लिए अपने परिवार के लिए वह मकान का निर्माण कर लेगी। मल्हार की मिलन बाई, शांति देवी, इतवारा, राधा देवी, रीना पुतलीबाई बैसाखी देवी, पचरा देवी, उत्तरा देवी कौशल्या के अलावा अनेक महिलाएं पट्टा की मांग को लेकर आज कलेक्टर के जनदर्शन में पहुंची थी।
एडीएम ने सुनी आम जनता की समस्याएं

जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में एडीएम आर.ए.कुरूवंशी ने आज यहां बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने तत्काल निराकृत हो सकने वाले कुछ आवेदनों का जहां जनदर्शन में ही समाधान कर दिया वहीं जांच एवं परीक्षण की जरूरत वाले कुछ गंभीर किस्म के मामलों को टीएल में पंजीकृत करते हुए निराकरण के लिए अधिकारियों को समय-सीमा दी। जनदर्शन में आज एडीएम ने 150 से ज्यादा मामलों की सुनवाई की। एडीएम ने आज शहर सहित दूर-दराज से आये ग्रामीणों और किसानों से एक-एक कर मुलाकात कर बड़ी इत्मीनान से उनकी समस्याएं सुनी। शासकीय हाई स्कूल धनगंवा के शाला विकास समिति के सदस्यों ने ग्राम धनगंवा के शासकीय हाई स्कूल में अहाता निर्माण के लिए आवेदन दिया। एडीएम ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत मानिकपुर के सरपंच ने गोठान में तार फेंसिंग कार्य के लिए आवेदन दिया। सरपंच ने बताया कि वर्तमान में गोठान में शेड, पानी टंकी, बोरखनन एवं सोलर पंप की व्यवस्था है लेकिन मवेशियों की सुरक्षा के लिए तार फेेंसिंग आवश्यक है। एडीएम ने मामले को सीईओ जनपद पंचायत बिल्हा को सौंपा। विकासखण्ड बिल्हा के ग्राम रिगरिगा के ग्रामीणों ने अरपा नदी के तट पर रिर्टेनिंग वॉल निर्माण के संबंध में एडीएम के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। जनदर्शन में पहुंची रतनपुर तहसील की श्रीमती धनबाई ने एडीएम को आवेदन देते हुए बताया कि विनय कुमार जायसवाल और विमल कुमार जायसवाल द्वारा शासकीय भूमि में अवैध रूप से मकान निर्माण किया जा रहा है। एडीएम ने अनुविभागीय अधिकारी (रा.) कोटा को इस संबंध में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बिल्हा ब्लॉक के कमल नारायण सोनवानी ने अपनी दोनों बच्चियों को नोनी सशक्तीकरण योजना की राशि दिलाने की मांग की। मस्तूरी तहसील के ग्राम देवगांव निवासी दिलेश केंवट ने तीन पहिया बैटरी मोटरराईज वाहन प्रदान करने की आग्रह की। एडीएम ने मामले को संयुक्त संचालक समाज कल्याण विभाग को सौंपते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम सिंघरी निवासी मर्दिनी ने रोजगार गारंटी योजना के तहत किये गये कार्यों की राशि दिलाने के संबंध में आवेदन दिया। इस मामले को जनपद पंचायत बिल्हा देखेंगे।

