विधायक शैलेष ने सदन में उठाया एयरपोर्ट का मुद्दा
शीघ्र बढऩी चाहिए यात्रियों के लिए सुविधा
बिलासपुर। शहर विधायक शैलेष पांडेय ने बिलासा एयरपोर्ट में सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा सदन में उठाया। एयरपोर्ट में नाइट लैंडिंग और थ्री सी श्रेणी के उन्न्यन के लिए आवश्यक कार्य को लेकर विभागीय मंत्री मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जवाब मांगा।

सीएम ने लिखित जवाब में थ्री सी श्रेणी के उन्न्यन और एयरपोर्ट में नाइट लैंडिंग सुविधा के विस्तार के लिए राज्य शासन द्वारा 28.55 करोड़ की स्वीकृत की जानकारी दी। सब स्टेशन के लिए लोखंडी में जगह का चयन किया गया था। जिस जगह पर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाना था वह छोटे बड़े झाड़ का जंगल निकल गया। इसके अलावा ग्रामसभा की बैठक में ग्रामीणों ने सब स्टेशन के लिए उक्त जमीन को देने से इन्कार कर दिया है। लिहाजा स्थल चयन के बाद सब स्टेशन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ विधानसभा शीतकालीन सत्र की शुरूआत सोमवार को हुई। सत्र के पहले दिवस पर नगर विधायक शैलेष पांडेय ने बिलासा देवी केंवटीन एयरपोर्ट और 132 केवीए विद्युत सब स्टेशन का मुद्दा उठाया। नगर विधायक पांडेय ने सदन में बिलासपुर स्थित एयरपोर्ट में थ्री सी नाइट लैंडिंग के कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी मांगी। जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट थ्री सी नाइट लैंडिंग कार्य हेतु एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा तैयार किए गए विस्तृत कार्य योजना तथा प्राक्कलन राशि 28.55 करोड़ की राशि राज्य शासन द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। जिला निर्माण समिति द्वारा सिविल तथा विद्युत कार्य हेतु टेंडर जारी किया जा चुका है।
नगर विधायक ने बिलासपुर के लिए स्वीकृत 132 केवीए विद्युत सब स्टेशन के निर्माण की अद्यतन जानकारी मांगी तो मुख्यमंत्री बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि बिलासपुर में स्वीकृत 132 केवीए सब स्टेशन के निर्माण हेतु ग्राम लोखंडी में चयनित भूमि निस्तार पत्रक एवं अधिकार अभिलेख में छोटे झाड़ का जंगल मद में दर्ज होने के कारण वन संरक्षण अधिनियम 1980 के तहत भूमि के गैर वानिकी उपयोग हेतु अनुमति बाबत प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। ग्रामसभा लोखंडी द्वारा उक्त स्थान पर सब स्टेशन निर्माण के लिए भूमि आवंटन हेतु अपने पत्र पांच मई 2022 द्वारा असहमति व्यक्त किये जाने तथा उसी भूमि के पास अन्य वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराने हेतु सहमति व्यक्त किया गया था, परन्तु उक्त भूमि में घने पेड़, झाडिय़ों एवं सडक़ की सतह से काफी नीचे व ढालू होने के कारण सब स्टेशन निर्माण हेतु अनुपयुक्त पाया गया है। बिलासपुर में स्वीकृत 132 केवीए सब स्टेशन के निर्माण हेतु बिलासपुर शहर के समीपवर्ती क्षेत्र में समूचित राजस्व भूमि चिन्हांकित कर आबंटन करने हेतु राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ कलेक्टर जिला बिलासपुर से अनुरोध किया गया है। सब स्टेशन के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि के आबंटन के उपरान्त सब स्टेशन निर्माण हेतु आगे की कार्यवाही किया जाना संभव हो सकेगा।

