रणथंम्भोर में अपना जन्मदिन मनाएगी सोनिया
कोटा (राजस्थान)। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी नौ दिसम्बर को राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के रणथंभौर में अपना जन्मदिन मनाएगी और इसके लिए राहुल गांधी के भी आज सवाई माधोपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमती सोनिया गांधी आज रणथंम्भोर नेशनल पार्क पहुंच गई। इस बीच दोपहर कोटा में श्री राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा को बूंदी जिले में केशवरायपाटन के पास गुड़ली फाटक पर पहुंचकर समाप्त किया। श्री राहुल गांधी विमान से सवाई माधोपुर जाएंगे जहां वह सोनिया गांधी के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस मौके पर गांधी परिवार के अन्य सदस्य भी यहां पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी का 10 दिसम्बर से फिर अपनी भारत जोड़ो यात्रा को शुरू करने का कार्यक्रम है और यह संभावना बताई जा रही है कि श्रीमती गांधी भी उस दिन भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए हवाई मार्ग से कोटा पहुंचकर बाद में श्री गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ सकती है। इस बारे में विस्तृत कार्यक्रम की अभी प्रतीक्षा की जा रही है कि वे कहां से राहुल गांधी की यात्रा में शामिल हो सकती है। भारत जोड़ो यात्रा कोटा शहर में प्रवेश के बाद जिन-जिन रास्तों से होकर गुजरी, वहां लोग उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी आत्मीयता से मंत्रमुग्ध नजर आए।

