गुजरात में खुलकर खिला कमल
अहमदाबाद। गुजरात में भाजपा ने 182 सीटों में से 156 सीटों के साथ जीत का नया रिकॉर्ड बना दिया है। कांग्रेस ने 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 विधानसभा सीटें जीती थीं। वहीं, नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहते भाजपा ने 2002 के चुनाव में 127 सीटें जीती थीं। इस जीत के साथ भाजपा ने दोनों रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर को गांधीनगर में विधानसभा के पीछे हेलीपैड मैदान में शपथ लेंगे। वही कांग्रेस 17 सीटों पर सिमट गई है। आप ने पांच सीटों से राज्य में अपना खाता खोला है। जहां तक हिमाचल प्रदेश की बात है। विधानसभा चुनाव में एक बार फिर जनता ने रिवाज कायम रखते हुए राज बदल दिया। राज्य की 68 सीटों पर कांग्रेस ने 40 व भाजपा ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की है। अन्य भी तीन सीटों पर विजयी हुए हैं। गुजरात में तो भाजपा ने परचम लहराया ही है, लेकिन मोरबी की जीत पार्टी के लिए खास है। मोरबी में पहले चरण में 1 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। चुनाव से ठीक 31 दिन पहले 30 अक्टूबर को यहां मच्छू नदी पर बना फुट ब्रिज टूटने से 143 लोगों की जान चली गई थी। कांग्रेस को सबसे ज्यादा 60 सीटों का नुकसान हुआ है। पार्टी ने पिछली बार 77 सीटें जीती थीं। इस बार उसे 17 सीटें ही मिली हैं।
गुजरात की जन-शक्ति के आगे सिर झुकाता हूं: मोदी
गुजरात में भाजपा की विराट जीत के बाद पीएम मोदी ने गुजरात की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा मैं गुजरात की जन-शक्ति के आगे सिर झुकाता हूं।
12 को शपथ लेंगे पटेल
गुजरात भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल ने बताया कि 12 दिसंबर को दोपहर 2 बजे गुजरात के नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।
आप को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिला
आम आदमी पार्टी गुजरात में महज 5 सीटें जीत सकी है। उसके तीनों बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी, प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया और पाटीदार नेता अल्पेश कथीरिया शामिल हैं। इसके बावजूद वोट शेयर के आधार पर आप को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल गया है। अब पार्टी पूरे देश में अपने नाम और चुनाव चिह्न के साथ लड़ सकेगी।
सपा ने मैनपुरी, रालोद ने खतौली और भाजपा ने रामपुर सीट जीती
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने गुरुवार को मैनपुरी लोकसभा सीट बरकरार रखी और भाजपा से खतौली विधानसभा सीट छीन ली। रामपुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की। मैनपुरी सीट पर सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने भाजपा के रघुराज शाक्य को 2.9 लाख मतों से हराया। खतौली में, सपा-रालोद गठबंधन के मदन भैया ने भाजपा की राजकुमारी सैनी को 22,054 मतों के अंतर से हराया। दूसरी ओर, भाजपा ने सपा से रामपुर सीट छीन ली और भाजपा के आकाश सक्सेना ने सपा के आसिम रजा को 31,158 के अंतर से हराया।

