सडक़ किनारे पेड़ से टकराई कार,शिक्षक की मौत
कोटा क्षेत्र के गनियारी नेवरा के बीच राधिका वाटर पार्क के पास की घटना
घायलों का अस्पताल में चल रहा उपचार
बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के गनियारी नेवरा के बीच राधिका वाटर पार्क के पास तेज रफ्तार कार सडक़ से उतरकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। दुर्घटना में घायल पति-पत्नी को अपोलो में भर्ती कराया गया है। वहीं एक युवक का सिम्स में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिर्री क्षेत्र के अमसेना में रहने वाले अभिषेक चौबे मंगला स्थित कोचिंग सेंटर में पढ़ाते थे। रविवार की रात उनके दोस्त की कोटा में शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए वे अपने दोस्त मुकेश, मुकेश की पत्नी पल्लवी, नेहा परिहार व भानूप्रताप मानिकपुरी के साथ कार से कोटा गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी कार से बिलासपुर लौट रहे थे। उनकी कार नेवरा-गनियारी के बीच राधिका वाटर पार्क के सामने पहुंची थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से उनकी कार की टक्कर हो गई। इससे अनियंत्रित कार सडक़ से उतरकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी समेत युवती और अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी ने हादसे की जानकारी एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी लोगों को सिम्स पहुंचाया गया। यहां पर डाक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मुकेश और उनकी पत्नी पल्लवी को अपोलो रेफर किया गया है। घायल भानूप्रताप को सिम्स के आइसीयू में भर्ती किया गया है। घायल नेहा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। हादसे के बाद वह बदहवास है। पुलिस उससे पूछताछ नहीं कर पाई है।
बोलने की हालत में नहीं है नेहा
इस घटना में नेहा परिहार भी घायल हैं, पर उन्हें ज्यादा चोट नहीं लगी है। लिहाजा, प्राथमिक उपचार के बाद उसकी छुट्टी कर दी गई। नेहा बदहवाश है और रो- रोकर उसका बुरा हाल है। इसके चलते पुलिस को इस हादसे में घायल बाकी लोगों की कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।
तीन की हालत गंभीर, अस्पताल में है भर्ती
इस हादसे में मुकेश, पल्लवी और भानुप्रताप मानिकपुरी गंभीर रूप से घायल हैं। वहा से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस और संजीवनी 108 को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने सभी को जानकारी के अनुसार हिर्री सिम्स पहुंचाया, जहां से मुकेश और पल्लवी को अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, भानुप्रताप सिम्स के आईसीयू में भर्ती है।

