हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार थमा
12 को विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश में होगा मतदान

हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार थमा12 को विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश में होगा मतदान

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए 12 नवम्बर को होने वाले मतदान के लिए पिछले कई दिनों से जारी धुआंधार चुनाव प्रचार गुरुवार शाम पांच बजे थम गया। अब सभी राजनीतिक दलों के प्रचारक और उम्मीदवार डोर-टू-डोर जाकर ही प्रचार कर सकेंगे। इस बीच चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज भी भाजपा, कांग्रेस और अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने जनसभाओं और प्रेस वार्ताओं के माध्यम से लोगों तक अपनी-अपनी उपलब्धियां और वायदे पहुंचा कर उन्हें अपने-अपने पक्ष में करने का प्रयास किया। शनिवार को होने वाले मतदान में 412 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला होगा। इनमें 24 महिलाएं भी शामिल हैं।

7881 मतदान केन्द्र बनाए गए

 प्रदेश के 55 लाख 92 हजार 8 सौ 28 मतदाता विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। राज्य निर्वाचन विभाग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रदेश में 7881 मतदान केन्द्र बनाए हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी मनीष गर्ग के अनुसार दूरदराज के मतदान केन्द्रों के लिए पोलिंग पार्टियां आज रवाना कर दी गई हैं जबकि नजदीकी मतदान केन्द्रों के लिए कल रवाना होंगी।

अर्धसैनिक बलों की 67 कंपनियां तैनात

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब मतदान के लिए 2 दिनों से भी कम का वक्त बचा है। वहां केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीमें मुस्तैद हो गई हैं। केंद्र की तरफ से राज्य में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए वहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 67 कंपनियां तैनात की गई हैं। इनमें लगभग 6,700 जवान शामिल हैं। इनमें सीआरपीएफ की 15 कंपनियां भी शामिल की गई हैं।

एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें तैनात

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार विधानसभा चुनावों के लिए राज्य आपदा प्रबंधन योजना तैयार की गई है जिसके तहत राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के 50 कर्मियों को लाहौल-स्पीति और चम्बा जिले के जनजातीय क्षेत्रों में तैनात किया है। यह तैनाती किसी अप्रिय घटना अथवा प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए की गई है।

मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित

विधान सभा चुनावों के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्डों ,निगमों,शैक्षणिक संस्थानों तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए मतदान के दिन 12 नवम्बर  को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। प्रदेश के मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है। 

पुरानी पेंशन योजना करेंगे लागू : प्रियंका

नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को फेसबुक पोस्ट में कहा कि पेंशन ,देश सेवा करने वाले हर सरकारी कर्मचारी का बुढ़ापे का सहारा है। पेंशन पाना हर सरकारी कर्मचारी का हक है जिसे भाजपा सरकार उनसे छीन रही है लेकिन कांग्रेस की सरकार बनी तो पेंशन योजना को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा  पेंशन कर्मचारियों का हक, कांग्रेस बहाल करेगी पुरानी पेंशन स्कीम। पुरानी पेंशन को खत्म कर भाजपा ने देश के बुजुर्गों से उनकी आर्थिक सुरक्षा छीन ली। 

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *