मानिकपुर पोखरी में बाढ़ आपदा से निपटने मॉकड्रिल
कोरबा। जिले में अचानक बाढ़ के हालात बनने और नदी के तटीय इलाकों में बाढ़ में लोगों के फंसे होने व इसके चलते कैजुअल्टी की सूचना जिला प्रशासन व बाढ़ आपदा विभाग को मिलते ही राहत व बचाव दल तत्काल अलर्ट हो गया। जिला प्रशासन के अधिकारी सुरक्षा बल के जवान, नगर सेना विभाग के राहत दल गोताखोरों के साथ बाढ़ प्रभावित तटीय इलाकों और बस्तियों में राहत व बचाव सामग्री के साथ तत्काल पहुंचे।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, बस्तियों से रेस्क्यू कर लगभग 130 लोगों को बाहर निकाला गया। मुश्किल हालात में अपने घरों में फंसे लोगों को राहत दल ने तत्काल रेस्क्यू कर लिया और उनको बसों से रिलीफ कैंप तक लेकर पहुंचे। वहीं पानी में फंसे लोगों की स्थिति चिंताजनक होने पर उन्हें आपदा बचाव दल के गोताखोर टीम के सदस्यों ने रेस्क्यू किया और उपचार के लिए एम्बुलेंस से मेडिकल कैम्प लेकर पहुंचे। जहां उनका मेडिकल विभाग के डॉक्टर व कर्मचारियों ने ईलाज किया और उनको दवाईयां उपलब्ध कराई गई। इस दौरान कुछ लोगों के अत्यधिक गंभीर होने पर उनको बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट किया गया।
दरअसल बाढ़ आपदा की परिस्थितियों से बचाव व राहत के लिए जिला प्रशासन के नेतृत्व में बाढ़ आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों ने शुक्रवार की सुबह एसईसीएल के मानिकपुर पोखरी में जिला स्तरीय मॉकड्रिल का सफल आयोजन किया। इस दौरान पूरे बचाव अभियान पर एडीएम विजेंद्र पाटले, संयुक्त कलेक्टर शिव बैनर्जी, एसडीएम श्रीमती सीमा पात्रे, एसडीएम पाली मनोज खांडे, सीएमएचओ डॉ. एसएन केशरी, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट नगर सेना पीबी सिदार सहित राहत एवं आपदा प्रबंधन, राजस्व व अन्य विभाग के अधिकारियों की पूरी निगरानी रही।

