सीसीएफ उडऩदस्ता का वनपाल 50 हजार घूस लेते गिरफ्तार
आरा मिल का लाइसेन्स नवीनीकरण के लिए ले रहा था घूस
बिलासपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बिलासपुर में मुख्य वन संरक्षक ऑफिस के उडऩदस्ता टीम के वनपाल को 50 हजार रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वनपाल ने आरा मिल लाइसेन्स नवीनीकरण के लिए कारोबारी से 50 हजार रूपए की मांग की थी। मिल संचालक से 33 हजार 800 लेने के बाद 16 हजार 200 रूपए लेने के लिए पहुंचा था तभी ऐसीबी ने उसे दबोच लिया।
लकड़ी कारोबारी सत्यव्रत प्रधान का उसलापुर में सत्या फर्नीचर की दुकान के साथ आरा मिल भी है। कोरोना काल के दौरान उन्होंने आरा मिल का लाइसेंस नवीनीकरण नहीं कराया था। बिना नवीनीकरण कराए ही उन्होंने काम शुरू कर दिया। लाइसेंस नवीनीकरण नहीं होने की जानकारी मिलने पर मुख्य वन संरक्षक ऑफिस के उडऩदस्ता दल में शामिल वनपाल गजेंद्र गौतम 29 सितम्बर को दुकान पहुंच गया। आरा मिल का लाइसेंस नवीनीकरण के लिए उसने 50 हजार रूपए की मांग की। सत्यव्रत प्रधान ने वनपाल के 50 हजार रूपए रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी के अफसरों से की। 29 सितंबर को गजेन्द्र गौतम 33 हजार 800 रूपए ले गया था। बाकी 16 हजार 200 रूपए के लिए वह दिवाली के बाद लेने आने वाला था। जैसे ही वह रूपए लेने आया व्यापारी सत्यव्रत ने इसकी सूचना एसीबी को दे दी। एसीबी की टीम ने आरोपी वनपाल गजेंद्र सिंह रूपए लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

