मध्य प्रदेश में मोहन यादव मंत्रिमंडल का विस्तार आज,
मुख्यमंत्री ने दिल्ली में भाजपा नेताओं से की मुलाकात,
शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया
भोपाल। मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव मंत्रिमंडल का पहला विस्तार आज होगा। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सोमवार दोपहर साढ़े 3 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2 दिनों तक दिल्ली में रहकर बीजेपी के तमाम नेताओं से मुलाकात की। जिसके बाद शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।
अधिकारिक सूत्रों की मानें सीएम मोहन यादव ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल से सोमवार सुबह मुलाकात का समय मांगा है। बताया जा रहा है कि वे राज्यपाल से भेंट कर संभावित मंत्रियों की सूची सौंप सकते हैं। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण राजभवन में हो सकता है। इसे लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। हालांकि कितने और कौन-कौन से विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह से पहले सोमवार को इंदौर जाएंगे। जहां वे कनकेश्वरी धाम परिसर में हुकुमचंद मिल के मजदूरों के बकाया भुगतान कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे। वे श्रमिकों को संबोधित भी करेंगे। डॉ यादव ने मुख्यमंत्री के रूप में 13 दिसंबर को शपथ ग्रहण की थी। उनके साथ जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला ने भी उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की है। इसके बाद से ही राज्य में मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर अटकलें चल रही थी।
एक सप्ताह में तीसरा दिल्ली दौरा
मुख्यमंत्री का एक सप्ताह में यह तीसरा दिल्ली दौरा है। दिल्ली दौरे के चलते भोपाल में आयोजित होने वाली बैठकों को रद्द कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सीएम केंद्रीय नेतृत्व के साथ मंत्रिमंडल को लेकर फाइनल चर्चा हो गई है। अब सोमवार को मंत्रिमंडल में तकरीबन 20 मंत्री शपथ ले सकते है।
लोकसभा अध्यक्ष व अनुराग ठाकुर से मिले
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से मुलाकात की। इस अवसर पर खेल और युवाओं को लेकर कई कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। खेल मंत्री ने भरोसा दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार मध्यप्रदेश सरकार को पूरा सहयोग करेगी।

