कालेजों में नामांकन तिथि बढ़ी, पूरक परीक्षा के बीच गैप नहीं,
वेबसाइट पर परीक्षा समय सारणी घोषित , 13 दिसंबर से दो पाली में होगी परीक्षा,एक से 11 दिसंबर तक कालेजों में होगी प्रायोगिक परीक्षा
बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों में 13 दिसंबर से पूरक विषयों की परीक्षा होगी। इस साल 18 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। ठीक पहले एक से 11 दिसंबर तक प्रायोगिक विषयों की परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा विभाग ने विलंब शुल्क के साथ स्नातक और स्नातकोत्तर मुख्य परीक्षा के लिए नामांकन तिथि 12 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय ने दो विषय में फेल छात्रों की पूरक परीक्षा लेने जा रही है। प्रथम पाली में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक बीएससी, बीबीए, बीसीए और बीएससी होम साइंस के छात्रों की परीक्षा होगी। वहीं दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक बीए और बीकाम के छात्रों की परीक्षा होगी। परीक्षाएं 29 दिसंबर तक होंगी। इसके लिए 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में परीक्षार्थियों को कोई गेप नहीं मिलेगा। इसके बाद सेमेस्टर परीक्षा होगी। इसके लिए भी एयू ने परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। पूरक परीक्षा के लिए प्रमुख केंद्र तय परीक्षा केंद्र शासकीय के अलावा प्राइवेट कालेज सीएमडी, डीपी विप्र, डीएलएस, एसबीटी, बीएलटी, नलिनी प्रभा, एसएनजी कालेज, प्यारेलाल कंवर कालेज भैसमा, मुकुटधर पांडेय कालेज कटघोरा को भी केंद्र बनाया गया है। वहीं सेमेस्टर परीक्षा के फार्म 30 नवंबर से भरे जाएंगे। अंतिम तिथि नौ दिसंबर है। वहीं 200 रुपये बिलंब शुल्क के साथ छात्र 10 से 14 दिसंबर तक फार्म भर सकते हैं। साथ ही 15 दिसंबर तक छात्रों को कालेज में परीक्षा फार्म सभी दस्तावेजों के साथ जमा करना है।
मुक्त वि वि ने भी जारी की समय-सारिणी
पं. सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा जनवरी से दिसंबर सत्र के यूजी, पीजी, डिप्लोमा के छात्रों की परीक्षा लेने की तैयारी की रही है। इसके लिए यूनिवर्सिटी ने संभावित समय सारिणी भी घोषित कर दी है। समय सारिणी में किसी भी छात्र को दावा-आपत्ति करनी है तो वे पांच दिसंबर तक कर सकते हैं। परीक्षा आफलाइन होगी। परीक्षा दो पाली में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक और दोपहर दो से शाम पांच बजे तक ली जाएगी। परीक्षा 28 दिसंबर से कार्यालयीन दिनों में होगी। यह 15 फरवरी तक चलेगी। बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा सुबह की पाली में 28 दिसंबर से शुरू हो रही है। विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी साझा की गई है।

