व्यापार विहार के माचिस गोदाम में लगी आग,मचा हडक़ंप,
लाखों का माल जलकर खाक,घंटो मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
बिलासपुर। व्यापार विहार स्थित अनाज और पशु आहार के गोदाम में गुरुवार की सुबह आग लग गई। गोदाम से निकलते धुंए को को देखकर वहां के गार्ड भागने लगे। इधर यूपी के प्रतापगढ़ से आलू लेकर आए ड्राइवर ने दुकान के बोर्ड पर लिखे नंबरों पर काल कर संचालकों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दुकान के संचालकों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दी। पांच घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है।
व्यापार विहार स्थित राधिका ट्रेडर्स के संचालक राजू विधानी ने बताया कि वे माचिस के थोक डीलर हैं। बुधवार की रात कर्मचारियों के साथ दुकान बंद कर वे घर चले गए। गुरुवार की सुबह उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से काल आया। इस दौरान वे मार्निंग वाक के लिए निकले थे। फोन करने वाले ने बताया कि उनके दुकान में आग लगी है।आसपास के गार्ड वहां से भाग निकले हैं। दुकान में आग लगने की जानकारी मिलते ही वे तुरंत व्यापार विहार पहुंचे। इस बीच उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को काल कर दिया था। जब वे पहुंचे तो आदर्श पशु आहार और पूजा ट्रेडर्स के उपरी मंजिल स्थित गोदाम में आग लगी थी। उन्होंने ड्राइवर के साथ मिलकर उपर जाने के रास्ते पर लगे शटर का ताला तोडऩे की कोशिश की। इसमें सफल नहीं हो सके। इधर आग भडक़कर नीचे स्थित पूजा ट्रेडर्स तक पहुंच गई। नीचे रखे माचिस के डिब्बों के कारण आग तेजी से भडक़ने लगी। कुछ देर में ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौक पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने कटर से ताला काटकर उपर मंजिल तक पहुंची। तब तक पूजा ट्रेडर्स के संचालक अनाज व्यवसायी सुरेश लालचंदानी और पशु आहार व्यापारी दीपक विधानी भी पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। इधर आग लगने की सूचना पर व्यापार विहार के व्यवसायी भी पहुंच गए।
दीवार तोडक़र बुझाई आग
आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड के पांच दमकल मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने पहले उपरी मंजिल पर लगे आग पर काबू पाना शुरू किया। इधर उपर जाने का रास्ता नहीं होने के कारण दमकल कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दमकल कर्मियों ने बाहर से ही दुकान के उपरी मंजिल की दीवार तोड़ दी। इसके बाद आग पर काबू पाया गया।

