दशहरा पर होगा भव्य रावण दहन- रामशरण
पर्यटन मंडल के अध्यक्ष व महापौर ने कांग्रेस नेताओं और निगम अफसरों के साथ पुलिस ग्रांउड का किया निरीक्षण

बिलासपुर (जीआर)। पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव व महापौर रामशरण यादव ने रविवार सुबह कांग्रेस नेताओं और निगम अफसरों के साथ पुलिस ग्राउंड में दशहरा उत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निगम अफसरों को जल्द ही रावण का पुतला बनवाने के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
25 साल से पुलिस ग्राउंड में दशहरा उत्सव मनाने की परंपरा चली आ रही है। कोरोना काल के कारण दो साल उत्सव स्थगित रखा गया। पिछले कुछ दिनों से शहर में यह अफवाह फैलाई जा रही थी कि इस साल भी पुलिस ग्राउंड में दशहरा उत्सव नहीं मनाया जाएगा। इससे जनभावनाओं को ठेस पहुंच रही थी। जबकि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए महापौर श्री यादव ने पहले से ही नगर निगम को दशहरा उत्सव की तैयारी करने के निर्देश दे दिए थे। उन्होंने पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री श्रीवास्तव, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक, निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी के साथ रविवार सुबह पुलिस ग्राउंड का निरीक्षण किया। पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री श्रीवास्तव ने मैदान की साफ-सफाई के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं दशहरा से पहले करने के निर्देश दिए। कमिश्नर श्री त्रिपाठी ने मौके पर मौजूद निगम के इंजीनियरों को तत्काल तीव्र गति से तैयारी पूरी करने कहा। मेयर श्री यादव का कहना है कि शहर में जो भी परंपराएं चली आ रही हैं, उसे खत्म नहीं होने दिया जाएगा। किसी भी परंपरा को निर्वहन करने में आर्थिक समस्या बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस ग्राउंड में पूर्व मेयर राजेश पांडेय के कार्यकाल साल से दशहरा उत्सव मनाने की जो परंपरा चली आ रही है, उसे बरकरार रखा जाएगा। हमने कभी भी पुलिस ग्राउंड में दशहरा उत्सव नहीं मनाने के संबंध में कोई भी निर्णय नहीं लिया है। इस मौके पर कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण राय, पार्षद रामपकाश साहू, सीमा घृतेश, प्रियंका यादव, स्वर्णा शुक्ला, शाहिद कुरैशी, प्रभारी ईई अनुपम तिवारी, गोपाल ठाकुर, सुरेश शर्मा, सब इंजीनियर भीमेंद्र गौतम आदि मौजूद रहे।
कमिश्नर ने अफसरों की लगाई ड्यूटी
नगर निगम आयुक्त ने दहशरा उत्सव मनाने के लिए अपर आयुक्त राकेश जायसवाल, अधीक्षण अभियंता नीलोत्पल तिवारी को नोडल अधिकारी, उपायुक्त राजेंद्र कुमार पात्र व उपायुक्त सती यादव को सहायक नोडल अधिकारी बनाया है। अन्य अधिकारियों को टेंट, मंच, बैठक, मैदान, बेरिकेटिंग, गैलरी, राम दरबार आदि की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

