छठ घाट में लूटपाट करने वाले चार लुटेरे गिरफ्तार, सुनसान इलाकों में रात को देते थे लूट की वारदात को अंजाम, लूट की रकम और मोबाइल जप्त
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने लूटपाट करने वाले 04 आरोपी को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी लोगों को ड्यूटी से वापस लौटते वक्त सुनसान स्थान पर लूटपाट करते थे। पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल, 7000 और 02 मोटर साइकिल जप्त किया है।
मनोज सूर्यवंशी निवासी मोपका ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह सिरगिट्टी में काम करता है। रोज की तरह 9-8- 2023 को सिरगिट्टी से काम करके रात्रि में सुबह करीबन 4.20 बजे वापस अपने घर अपनी मोटरसाइकिल से मोपका लौट रहा था की तोरवा चौक गणेश मेडिकल स्टोर के पास एक पल्सर मोटरसाइकिल में तीन व्यक्ति रोड किनारे खड़े थे।
प्रार्थी जब तोरवा छठ घाट पुलिया पहुंचा तब पल्सर में तीनों व्यक्ति उसका पीछा करते हुए उसे ओवरटेक करके आगे बढ़े और दो व्यक्ति छठ घाट के आगे तिराहा के पास उतर गए और प्रार्थी को रोकने का प्रयास किया। प्रार्थी डर में जब आगे बढ़ा तो उसकी गाड़ी की चाबी को लूट लिए, विरोध करने पर दोनों उसके साथ मारपीट करने लगे। तभी तीसरा व्यक्ति भी वहां पहुंच गया और वह भी मारपीट करने लगा। तभी सामने से एक दूसरे मोटरसाइकिल में एक और व्यक्ति आया, गाड़ी से उतरा और चारों ने मिलकर प्रार्थी के साथ मारपीट कर उसके जब में रखें 7000, बैंक का एटीएम, मोबाइल लूट लिये। प्रार्थी के चिल्लाने पर लूटपाट कर तोरवा की ओर भाग गये।
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने घटना के आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया। जिसमें मोटर साइकिल में कुछ संदिग्ध व्यक्ति जाते दिखे। जिनके संबंध में आसपास पता किया गया।
आरोपियों का पता चलने पर टीम के सदस्यों ने अलग-अलग स्थान पर रेड कर 04 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। नाम पता पूछने पर शिव शंकर यादव निवासी डिपोपारा, गजानंद उर्फ राजा ध्रुव निवासी डिपोपारा, भोला उर्फ अवि श्रीवास निवासी मुंगेली, विक्की यादव उर्फ अलेक्स निवासी मुंगेली का होना बताया।
जिनसे घटना के संबंध में पूछताछ किया तो प्रारंभिक तौर पर पुलिस को गुमराह करते रहे लेकिन बारीकी से पूछताछ करने पर चारों नेे सुनसान जगह का फायदा उठाकर मारपीट कर मोबाइल,7000 रुपये तथा अन्य सामग्री को लूटना स्वीकार किया।
चारों आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल तथा 5600 एवं एटीएम कार्ड को जप्त कर लिया गया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

