92 स्कूली बसों की आरटीओ ने की जांच, 38 में परमिट, 7 में फिटनेस व 21 बसों में सीसीटीवी कैमरा नहीं, 7 दिनों में कमियों को दूर करें-अमित बेक
बिलासपुर । आज स्कूल बसों की जांच एवं उनके चालकों/परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण स्थानीय पुलिस स्टेडियम बिलासपुर में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग के टीम के द्वारा किया गया । पूर्व में दिनांक 18.06.2023 को 159 स्कूल बसों की जांच की गई थी। तथा शेष बचे हुये 312 स्कूल बसों के संचालको को कार्यालय द्वारा स्कूली बसों की जांच के लिए अंतिम अवसर प्रदान करते हुये नोटिस जारी गया था। तत्पश्चात आज 312 स्कूल बसों में से 92 बसों की सुप्रीमकोर्ट के निर्देशानुसार 16 बिन्दुओ के आधार पर जांच की गई।

जिसमें से 38 बसों में परमिट, 07 बसों में फिटनेस तथा 21 बसों में सी.सी.टी.व्ही कैमरा एवं 07 बसों में अग्निशमन यंत्र का दिनांक एक्सपायरी होना तथा 08 बसों में चिकित्सा बॉक्स नहीं होना पाया गया। जिसे 07 दिन के अंदर दुरस्त करने के निर्देश दिये गये । तथा शेष 28 वाहन परीक्षण की कसौटी में खरे उतरे, साथ ही 82 वाहन चालको / परिचालको का नेत्र परीक्षण भी किया गया जिसमें सभी स्वस्थ पाये गये ।
अंत में उपस्थित स्कूल के संचालकों एवं चालकों/परिचालको को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार वाहन का संचालन करने की हिदायत अमित बेक, आर.टी.ओ. बिलासपुर द्वारा दी गई दी गई तथा यह भी कहा गया कि कोई भी स्कूल बस संचालक यदि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार वाहन का संचालन नही करते है तो उन पर मोटरयान अधिनियम के तहत् कड़ी कार्यवाही की जायेगी तथा जिन-जिन बसों में जो कमियां पाई गयी है । वे 07 दिवस के अंदर उन कमियों को दूर करके कार्यालय को सूचित करें। साथ ही अभिभावकों / पालको से भी आग्रह किया है । बस चालकों को यातायात के नियमों के प्रति वफादार रहते हुये, सफर कर रहे बच्चों के प्रति अभिभावक स्वरूप होना चाहिए यह भी बताया गया । परिवहन निरीक्षक, प्रशांत शर्मा द्वारा स्कूल बसों में चाईल्ड हेल्प लाईन नंबर 1098 को प्रदर्शित करने के बारे बताया गया तथा स्कूल बसों में बीमा, फिटनेस व परमिट प्रदर्शित होने चाहिए जिससे कि पालकों / अभिभावको को यह ज्ञात रहें कि वे जिस बस में अपने बच्चों को भेज रहे है वे सुरक्षा की दृष्टि से है कि नही, तथा स्कूल बसों में महिला अटेण्डेंट रखने की सलाह दी गई। ताकि बच्चों में मधुर संबंध बना रहे सुरक्षित यातायात के नियमों के संबंध में यातायात के सब इंस्पेक्टर उमाशंकर पांडे ने चालको को संबोधित करते हुये बताया कि वाहन धीरे चलाये, कभी भी तेज गति से वाहन न चलाये तथा यातायात के नियमों का पालन करते हुये कभी भी गलत साइड से वाहन न चलाये तथा वाहन चलाते समय गुटखा-तंबाखू इत्यादि न खाने की हिदायत दी गई । कार्यक्रम में परिवहन विभाग के टीम में से परिवहन निरीक्षक पारूल ठाकुर, सहायक परिवहन उपनिरीक्षक निशीकांत दुबे एवं चंद्रशेखर देवांगन, बेदराम साहू तथा यातायात के टीम से यातायात प्रभारी निरीक्षक नवीन देवांगन उपस्थित थे।

