व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में शार्ट-सर्किट से लगी आग बैंक सहित 9 दुकानें-शो रूम खाक, दम घुटने से 3 की मौत एक दर्जन दमकल वाहनों ने बुझाई आग

व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में शार्ट-सर्किट से लगी आग बैंक सहित 9 दुकानें-शो रूम खाक, दम घुटने से 3 की मौत एक दर्जन दमकल वाहनों ने बुझाई आग

कोरबा। कोरबा शहर के ट्रांसपोर्ट नगर चौक के निकट नगर पालिक निगम के व्यावसायिक काम्प्लेक्स में भीषण आग लग गई। आग में जलकर बैंक, इलेक्ट्रॉनिक, मोबाइल दुकान समेत 9 दुकानें उनमें रखा लाखों का व सामान जलकर खाक हो गए। इलाहाबाद बैंक भी जल गया।
जानकारी के अनुसार टीपी नगर चौक के निकट स्थित व्यावसायिक कांप्लेक्स भवन वर्ष 1984 से निर्मित है।

इस कॉन्प्लेक्स के प्रथम तल में आइसक्रीम दुकान, साहेब प्लानेट, सिंह इंटरप्राइजेस, मोबाइल दुकान (मोबाइल बाजार), एमआई का शोरूम संचालित हो रहे थे। ऊपरी तल पर एक हिस्से में इलाहाबाद बैंक और दूसरे हिस्से में साहेब प्लानेट का शोरूम तथा इसके ऊपर के तल पर साहेब प्लानेट का गोदाम था। ऊपर मंजिलों में जाने के लिए साहेब प्लानेट के बगल से सीढ़ी थी। इस सीढ़ी के सामने बरामदे में पूरे कांप्लेक्स के विद्युत कनेक्शन के केबल तार आदि लटके हुए रहते थे। यहीं पर दोपहर लगभग 1.23 बजे अचानक तारों के गुच्छे में शॉर्ट सर्किट हो गई और साहेब प्लानेट के ग्लो साइन बोर्ड में भी शार्ट सर्किट हुआ। शार्ट सर्किट के होते ही यहां आग लग गई। आग लगने की जानकारी आसपास मौजूद लोगों ने एक-दूसरे को दी और इस बीच तत्कालिक कोई कदम नहीं उठाया जा सका। जब आग फैलने लगी तब पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस और दमकल वाहनों के पहुंचने तक 15 से 20 मिनट का समय लग गया और इतने समय में आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। आग तेजी से साहेब प्लानेट के दुकान में फैल गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार लोगों को दूर से दिखाई दे रहा था। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप ले लिया और लोगों को निकलने का मौका नहीं मिला। आग फैलते ही आसपास के अन्य दुकानदारों में हडक़ंप मच गया और वहां से निकलने लगे।

आग लगने की जानकारी होते ही ऊपर तल में संचालित इलाहाबाद बैंक के कर्मचारियों और मौजूद ग्राहकों में भगदड़ मच गई लेकिन नीचे उतरने के रास्ते में भयानक आग लगे होने से रास्ता नहीं मिला तो वे बैंक के अंतिम छोर में मौजूद खिडक़ी से नीचे कूद कर अपनी जान बचाई। लगभग 25 लोगों ने खिडक़ी से नीचे छलांग लगाई। इनकी सहूलियत के लिए नीचे गद्दे लगा दिए गए थे ताकि चोट ना लगे फिर भी कुछ लोग चोटिल हो गए। दूसरी ओर साहेब प्लानेट के ऊपर मंजिल में संचालित शोरूम में भगदड़ मची रही। किसी तरह कर्मचारियों ने अपनी जान बचाई। शोरूम में तीन पुरुष और एक महिला फंसे हुए थे जिन्हें दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। बाद में तीन लोगों की मौत हो गई। व्यावसायिक कांप्लेक्स में लगी आग को बुझाने के लिए लगभग 5 घंटे की मशक्कत अग्निशमन विभाग के कर्मियों द्वारा की गई। लगभग एक दर्जन अग्निशमन वाहन, नगर निगम के टैंकर लगातार सेवा देते रहे। शाम 5 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
दम घुटने से हुई 3 की मौत
इस हादसे में 2 पुरुष और एक महिला की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रश्मि सिंह निवासी चिरमिरी, करूमौहा निवासी शत्रुघ्न धीरहे और देंवेद्र कुम्हार निवासी पामगढ़ के रूप में हुई है। तीनों के शव अस्पताल में रखवाये गए हैं। सूचना पर इनके परिजन अस्पताल पहुंचे।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *