इको कार का साइलेंसर उड़ाने वाला गिरोह पकड़ाया
चोरी के 35 मामलों का हुआ खुलासा,प्लेटिनम धातु के लिए चोरी, 2 खरीदार भी गिरफ्तार
आरोपी बिलासपुर के अलावा बलौदाबाजार, दुर्ग, जांजगीर-चांपा व मुंगेली जिलों में भी जाकर चोरी की घटना को देते थे अंजाम


बिलासपुर (जीआर)। ईको कार से साइलेंसर निकालकर उससे कीमती धातू निकालने वाले गिरोह को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी युवक बिलासपुर के अलावा बलौदाबाजार, दुर्ग, जांजगीर-चांपा व मुंगेली जिलों में भी जाकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। उनके कब्जे से चोरी के साइलेंसर और कीमती धातू जब्त की गई है।
एएसपी सिटी राजेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि सरकंडा थाने के आरक्षक अविनाश कश्यप को सूचना मिली कि दो युवक कार के साइलेंसर को तोडफ़ोड़ कर मोपका के तालाब में फेंक रहे हैं। इस पर आरक्षक ने मौके पर पहुंचकर शेख राहेल(23) व शेख रूस्तम (20) निवासी विवेकानंदनगर मोपका को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने जिले के अलग-अलग जगहों से कार के साइलेंसर चोरी करना बताया। उन्होंने बताया कि चोरी के साइलेंसर से कीमती धातू को निकालकर उत्तरप्रदेश के युवकों के पास बेचना बताया। दोनों युवक तालापारा में किराए का मकान लेकर रहते हैं। इस पर पुलिस ने तालापारा में दबिश देकर राशिद अली(30) निवासी असौई जिला हाथरस उत्तरप्रदेश व जुबेर खान(25) ग्राम चहला थाना अहमदगढ़ जिला बुलंदशहर उत्तरप्रदेश को पकड़ लिया। उनके कब्जे से साइलेंसर ने निकले कीमती धातू को जब्त किया गया।
कबाडिय़ों के भी संपर्क में थे आरोपी
पूछताछ में पता चला कि राशिद अली और जुबेर यहां रहकर साइलेंसर से निकले धातूओं की खरीदारी करते थे। इसके लिए वे कबाडिय़ों के संपर्क में भी थे।
इधर शेख राहेल और शेख रूस्तम दोनों भाई भी उन्हें चोरी के साइलेंसर से कीमती धातू निकालकर बेचते थे। दोनों ने बिलासपुर के अलावा दूसरे जिलों से करीब 60 कार से साइलेंसर चोरी की थी।
कीमती धातू को निकालने के बाद साइलेंसर के कबाड़ को किसी भी सूने जगह अथवा तालाब में फेंक देते थे। शनिवार को इसी दौरान वे पुलिस की पकड़ में आ गए।

