ड्राइंग डिजाइन और काम में देरी,ठेकेदारों व कंसल्टेंट कंपनी को नोटिस स्मार्ट सिटी परियोजना के निर्माणाधीन कार्यों का कमिश्नर ने किया निरीक्षण मंगला एसटीपी और नाला-रोड के कार्य धीमा होने पर नोटिस
बिलासपुर। स्मार्ट सिटी परियोजना अंतर्गत चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट के निर्माणाधीन कार्यों का मौके पर जाकर निगम कमिश्नर एवं एमडी श्री कुणाल दुदावत ने निरीक्षण किया। इस दौरान मंगला में अरपा नदी में बन रहे दो एसटीपी और रोड नाला की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर करते हुए एमडी श्री दुदावत ने दोनों प्रोजेक्ट के ठेकेदार को नोटिस और कार्य में लापरवाही बरतने और ड्राइंग डिजाइन बनाने में देरी करने पर बिलासपुर स्मार्ट सिटी के कंसल्टेंट कंपनी लायन इंजीनियरिंग को भी नोटिस जारी किया गया है।

ज्ञात है की मंगला में अरपा नदी पर 6 एमएलडी और 10 एमएलडी दो एसटीपी बनाया जा रहा है इसके अलावा 1120 लंबी सडक़ और गंदे पानी को नदी में जाने से रोकने के लिए नाला बनाया जा रहा है।
आज सुबह 10 बजे निगम कमिश्नर एवं एमडी श्री कुणाल दुदावत बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा जारी निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करने निकलें। इस दौरान सबसे पहले मिनोची कालोनी के पास महावीर नगर चौक से उस्लापुर ओवरब्रिज तक अतिक्रमण को हटाकर बनाई जा रही नई सडक़ के कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एमडी श्री दुदावत ने ठेकेदार को समतलीकरण का कार्य तेजी गति से करने के निर्देश देते हुए कहा की सडक़ और नाली का काम एक साथ करें,इसके अलावा स्थल पर बिजली के पोल और वायर को शिफ्ट करने के लिए सीएसईबी से समन्वय बनाकर जल्द शिफ्ट करें,नई सडक़ 20 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संजय तरण पुष्कर परिसर में बन रहे स्पोर्ट्स कांप्लेक्स कार्य में गति बढ़ाने को लेकर भी ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के संचालन संबधी प्रक्रिया के लिए कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए है। स्मार्ट सिटी द्वारा जतिया तालाब पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य की गति बढ़ाने को लेकर ठेकेदार को निर्देश देते हुए बारिश के पूर्व करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गणेश चौक से अमेरी रेलवे क्रासिंग तक बनाई 1080 मीटर की लंबाई में बनाई जा रही नाली,फूटपाथ और सडक़ के कार्य को भी तेज गति से करने के निर्देश देते हुए बारिश के पहले पूरा करने के निर्देश दिए। भारतीय नगर चौक से तैबा चौक और भारत नगर चौक से मगरपारा तक बन रहे नाला को भी जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए बारिश के पहले तैबा चौक में कल्वर्ट के काम को शुरू कर दस दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए है।
निगम कमिश्नर को सफाई निरीक्षण में में मिली खामी,सेनेटरी इंस्पेक्टर सस्पेंड
निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत द्वारा सफाई कार्य के निरीक्षण के दौरान कमी मिलने और सफाई कार्य में लापरवाही बरतने पर जोन क्रमांक 1 के वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक नरेंद्र सिंह चौहान को निगम कमिश्नर ने सस्पेंड कर दिया है। निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत द्वारा अपने नियमित निरीक्षण के दौरान स्वच्छता निरीक्षक के कार्यक्षेत्र में कमी मिली थी। निगम कमिश्नर नियमित सफाई निरीक्षण के दौरान अलग-अलग जोन का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान जहां कमी है वहां व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए जा रहे हैं। सफाई कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की हिदायत भी निगम कमिश्नर द्वारा दिए गए है।
जोन क्रमांक 1 के वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक नरेंद्र चौहान द्वारा सौपे गए दायित्व एवं कर्तव्य का उचित तरीके से निर्वहन नहीं किया जा रहा था। बीते दिनों सफाई कार्यों के निरीक्षण पर निकले कमिश्नर ने वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक नरेंद्र सिंह चौहान के कार्य क्षेत्र में सफाई कार्य में अव्यवस्था देखकर फटकार लगाते हुए नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने पर आज निलंबन की कार्रवाई की गई। इससे पूर्व भी समीक्षा बैठकों में कमिश्नर श्री दुदावत द्वारा लगातार सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने और गंभीरता के साथ करने के निर्देश दिए गए हैं उसके बावजूद स्वच्छता निरीक्षक चौहान द्वारा लापरवाही बरती जा रही थी।

