पुलिस अभिरक्षा में धोखाधड़ी के आरोपी की मौत रायपुर से गिरफ्तार कर लाया गया था परिजनों ने पुलिस पर लगाएं आरोप पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामले का होगा खुलासा

पुलिस अभिरक्षा में धोखाधड़ी के आरोपी की मौत रायपुर से गिरफ्तार कर लाया गया था परिजनों ने पुलिस पर लगाएं आरोप पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामले का होगा खुलासा

बिलासपुर। तारबाहर थाने में दर्ज धोखाधड़ी के आरोपी की पुलिस हिरासत मौत का मामला सामने आया है। तारबाहर पुलिस की टीम 2022 में धोखाधड़ी के मामले में दर्ज अपराध में आरोपी को मंगलवार रात हिरासत में लेकर बिलासपुर आई थी। बुधवार की सुबह 10.30 बजे आरोपी ने तबीयत खराब होने की शिकायत की। जिसके चलते उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर उच्च अधिकारी पहुंचकर जांच में जुटे हुए हैं।

मुंगेली निवासी श्याम मोदीकर के खिलाफ दीपक कुमार बेहरा ने जमीन पंजीयन और वाहन दिलाने के नाम पर पौने चार लाख की ठगी की शिकायत 2022 में की थी। जिस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर जांच कर रही थी। इस बीच आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपित श्याम रायपुर के तेलीबांधा में परिवार के साथ रह रहा है।
तारबाहर पुलिस ने मंगलवार की रात दबिश देकर आरोपी को रायपुर से हिरासत में लिया और उसे लेकर देर रात तारबाहर थाने पहुंची। बुधवार की सुबह उसे अदालत में पेश किया जाना था। सुबह करीब 10.30 बजे आरोपी ने तबीयत खराब होने की बात कही। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद सीएसपी सिविल लाइन संदीप पटेल थाना पहुंचे और विधिवत प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
जिला हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम के दौरान भी गहमागहमी का माहौल नजर आ रहा है। जिसके चलते जिला अस्पताल के मर्च्युरी की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मामले में सीएसपी संदीप पटेल ने बताया कि शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता लगेगा। मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों को नही थी खबर
आरोपी के पुलिस अभिरक्षा में मौत की सूचना परिजनों को नही दी गई थी, पुलिस ने मृतक की पत्नी रीता मोदी को आज सुबह कुछ कागजो पर दस्तख़त करने बुलाया था, जहाँ पहुँचने पर उसे अपने पति की मौत की खबर मिली, जिसके बाद वह बिलखने लगी।
न्यायिक जांच की मांग
पुलिस हिरासत में मौत के बाद अब परिजन न्यायिक जांच की मांग कर रहे है, ताकि मौत के कारणों का पता चल सके और कोई दोषी है तो उसे सजा मिल सके।
थाने में नहीं अस्पताल में हुई मौत
मामले में सीएसपी आईपीएस संदीप कुमार पटेल ने बताया कि मौत थाने में नही हुई है, आज सुबह आरोपी की तबियत बिगडऩे पर उसे हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था, तभी हॉस्पिटल में मौत होने की सूचना मिली है, मामला गंभीर होने की वजह से दंडाधिकारी से जांच कराई जाएगी।
ब्रेन हेमरेज से हुई मौत – पुलिस
तारबाहर पुलिस ने बताया कि इस्कान सेंटर तारबाहर को कार और जमीन दान में दिलाने के नाम पर 3.80 लाख की ठगी करने की रिपोर्ट पर थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 207/22 धारा 420 भादवि पंजीबद्ध किया गया था। ठगी करने वाले आरोपी श्याम मोदीकर पिता टी वी मोदीकर उम्र 55 वर्ष सा.बोडतरा मुंगेली, हाल मुकाम मोवा रायपुर को नोटिस देने पर भी उपस्थित नही होने से थाना तारबाहर द्वारा 25 अप्रैल की रात्रि में गिरफ्तार किया गया था। आरोपी की जामातलाशी में आपत्तिजनक टेबलेट विगोर 100 और अन्य टेबलेट तथा खाली रैपर मिले थे। आज प्रात: लगभग 10 बजे आरोपी को चक्कर आने पर तत्काल जिला अस्पताल बिलासपुर इलाज हेतु ले जाया गया था, जिसे इलाज के दौरान मृत घोषित किया गया। मृत्यु की न्यायिक जांच कराने पत्र भेजा गया था। मर्ग जांच पंचनामा कार्यवाही न्यायिक मजिस्ट्रेट बिलासपुर द्वारा की गई है। पोस्टमार्टम कार्यवाही तीन डॉक्टरों की संयुक्त टीम के द्वारा किया गया है। मर्ग जांच पंचनामा कार्यवाही में पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी की गई है। पोस्टमार्टम परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने मृतक के शरीर में किसी भी प्रकार का चोट नही होना एवम मृतक की मृत्यु ब्रेन हेमरेज से होना बताया गया है। मृत आरोपी के विरुद्ध 138 नेगोशियेबल एक्ट का बेमेतरा में प्रमाणित प्रकरण तथा नैला व जांजगीर के इस्कान सेंटर में भी ठगी करने की शिकायत थी।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *