पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का जुर्म दर्ज शव लेकर सिविल लाइन पहुंचे परिजन, किया जमकर हंगामा अलका एवेन्यू के पास कल रात अधेड़ की गड्ढे में गिरने से हुई थी मौत

पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का जुर्म दर्ज  शव लेकर सिविल लाइन पहुंचे परिजन, किया जमकर हंगामा  अलका एवेन्यू के पास कल रात अधेड़ की गड्ढे में गिरने से हुई थी मौत

बिलासपुर। पीडब्ल्यूडी ठेकेदार द्वारा किए गड्ढे में गिरने से बुधवार रात एक व्यक्ति की मौत हो गई। गुरुवार को मृतक के परिजन शव लेकर सिविल लाइन थाना पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का जुर्म दर्ज किया है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत अलका एवेन्यू के पास पीडब्ल्यूडी के द्वारा खोदे गए गहरे गड्ढे में 68 वर्षीय कृपाल सिंह गाबा की बुधवार रात में गिरने से मौत हो गई थी। गुरुवार को मृतक का पुत्र अन्य परिजन के साथ शव लेकर सिविल लाइन थाना पहुंच गए और शव को सडक़ पर रखकर प्रदर्शन करने लगे।

मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया कि उनके पिता की मृत्यु ठेकेदार डी.सी. कन्सट्रक्शन, इंजीनियर दीपक खण्डेलवाल, कार्य पालन अभियंता एके चौरसिया की लापरवाही के कारण हुई है। उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए। भारी हो हंगामे के बाद सिविल लाइन पुलिस ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अलावा ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतान हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि अलका एवेन्यू के पास सडक़ निर्माण का कार्य पीडब्ल्यूडी की ठेका कंपनी डीसी कंस्ट्रक्शन के द्वारा कराया जा रहा है।
फर्म का प्रोपाईटर देवचरण राठौर है लेकिन मौके पर कार्य की देखरेख देवचरण राठौर का पुत्र गुड्डू राठौर करता है। ठेकेदार ने सडक़ चौड़ीकरण के लिए कल अल्का एवेन्यु कालोनी के गेट से आगे पुलिया निर्माण के लिए लगभग 10 फीट गहरा गड्डा खोद कर छोड़ दिया है। मौके पर किसी प्रकार से बेरिकेटिंग या संकेतक ठेकेदार के द्वारा नही लगाया गया था। मौके पर सुरक्षा मानकों का भी पालन नहीं किया गया है। गौरतलब है कि कृपाल सिंह 19 अप्रैल को रात्रि लगभग 8.30 बजे डेयरी के कार्य से उषा उपवन स्थित अपने घर से मोटर सायकल से निकले थे और ठेकेदार के द्वारा पुलिया निर्माण के लिये कराये गये गड्डे में मोटर सायकल सहित गिर गये जिससे उसकी मौत हो गई थी। कुछ देर बाद उसी गड्डे में एक लडक़ा भी गिर गया।
वह भी उषा उपवन में ही रहता है। वह भी उस गड्डे में मोटर सायकल सहित गिरा था। कुछ राहगीर उस लडक़े के चिल्लाने पर उसे बचाने गये और बाहर निकाला तो उसने बताया कि कोई व्यक्ति पहले से ही गड्डे में मोटर सायकल सहित गिरा हुआ है। तब पुलिस को सूचना दी गई और एंबुलेंस वाले आए कृपाल सिंह गाबा को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। वहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *