रामनवमी पर शहर में निकली विशाल शोभायात्रा
श्री राम के जयघोष से गूंजा शहर
मंदिरों में हुई विशेष पूजा-अर्चना
बिलासपुर। रामनवमी के अवसर पर आज शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का हर जगह भव्य स्वागत किया गया। वही शोभायात्रा में जय श्री राम के नारे भी लगते रहे। चैत्र नवरात्रि का 9 दिवसीय देवी आराधना का पर्व आज रामनवमीं के साथ संपन्न हुआ। न्यायधानी में जगह-जगह आयोजन किए गए। देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया एवं उपहार देकर आशीर्वाद लिए गए। रामनवमीं के अवसर पर जिले भर में विभिन्न हिन्दू संगठनों के द्वारा शोभायात्राओं का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर जहां बुधवार को अनेक श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन कर माता को अगली नवरात्रि तक के लिए विदा किया वहीं आज नवमीं तिथि पर भी अनेक लोगों ने हवन-पूजन कर नवरात्रि के अनुष्ठान पूर्ण किए। आज भी अनेक व्रतियों और श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के विभिन्न 9 रूपों एवं भैरव बाबा के स्वरूप में बालक को अपने घर आमंत्रित कर उनका तिलक वंदन करते हुए श्रद्धापूर्वक भोजन कराया और यथासंभव उपहार भी भेंट कर आशीर्वाद लिए गए। जिले भर में यह क्रम दोपहर तक चलता रहा। इसके बाद रामनवमीं के अवसर पर भगवान राम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के द्वारा नगर में शोभायात्रा निकाली गई । शहर में जगह-जगह सेवाभावी लोगों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के द्वारा शोभायात्रा में शामिल लोगों सहित नगरजनों के लिए स्वल्पाहार, शरबत, खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। शोभायात्रा की झांकियों की आरती भी अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा उतारी गई।

