बाघ ने तीन लोगों पर किया हमला, 2 की मौत,1 घायल
क्षेत्र में दहशत का माहौल
जिला प्रशासन व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

बाघ ने तीन लोगों पर किया हमला, 2 की मौत,1 घायलक्षेत्र में दहशत का माहौलजिला प्रशासन व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

सूरजपु।  सोमवार की सुबह ओडग़ी क्षेत्र के कालामांजन गांव  में बाघ ने तीन ग्रामीण युवकों पर हमला कर दिया जिससे दो लोगों की मौत हो गई है जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।  चैत्र नवरात्र पर कुदरगढ़ में मेले का आयोजन किया गया है और श्रद्धालु की भीड़ को देखते हुए खतरा बढ़ गया है। कुदरगढ़ के नजदीक  की इस  घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।वन अमला लोगों को सावधान कर रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह ओडग़ी के ग्राम कालामांजन के समय लाल 32 वर्ष  कैलाश सिंह 35 वर्ष  राय सिंह 30 वर्ष सुबह जंगल में लकड़ी लेने जा रहे तभी अचानक बाघ ने हमला कर दिया, जिससे समयलाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल कैलाश सिंह ने अंबिकापुर चिकित्सालय में दम तोड़ दिया। राय सिंह का उपचार सूरजपुर चिकित्सालय में चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक घटना स्थल काला मंजन में हीं बाघ मौजूद है। बांध के आसपास बाघ के बैठे होने की खबर है। क्षेत्र में चैत्र नवरात्र पर कुदरगढ़ मेले का आयोजन किया गया है जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।  ऐसे में इस घटना के बाद क्षेत्र में और दहशत का माहौल निर्मित हो चला है जो प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ है। घटना के बाद घटनास्थल पर सीसीएफ कलेक्टर, एसपी, सीईओ, डीएफओ सहित काफी संख्या में वन व पुलिस अमला पहुंचा था।  लोगों को सतर्क व सावधान रहने की अपील की गई है। एहतियात के तौर पर घटना के आसपास के क्षेत्र में स्थित स्कूलों में छुट्टी कर दी गई।  कुदरगढ़ वन परीक्षेत्राधिकारी नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह घटना कालामांजन वन विकास निगम के क्षेत्र में हुआ है। घटना से दो लोगों की मौत हो गई है।मृतक के परिजनों को तत्कालिक सहायता के रूप में  25-25 हजार रुपए दिए गए है और घायल का उपचार कराया जा रहा है। क्षेत्र में लोगों को अलर्ट रहने की सलाह वन विभाग द्वारा दी जा रही है। वन अमला लगातार गश्त कर लोगों को सावधान रहने की सलाह दे रहा है।
पूरे दिन एक ही स्थान पर बैठा रहा बाघ, घायल होने की आशंका

ओडग़ी बिहारपुर क्षेत्र में महीने भर पहले बाघ देखा गया था और इसके हमले से लोग घायल भी हुए थे कई जानवरों को अपना निवाला बनाया था, इसके बाद यह बाघ बलरामपुर जिले के जंगलों में देखा गया मगर आज अचानक फिर से इसी क्षेत्र में आ पहुंचा जिससे क्षेत्र के लोग भारी दहशत में है। इधर घटना के 12 घंटे बीत जाने के बाद भी बाघ का रेस्क्यू नहीं हो सका है जबकि बताया जाता है कि घटना के बाद बाघ संघर्ष में घायल भी हुआ है और एक ही स्थान पर पिछले दस से बारह घंटे से जमा हुआ है। वन अमला बाहर से रेस्क्यू  टीम बुलाने में सक्रिय रही। समाचार लिखे जाने तक देर शाम तक बाघ की मौजूदगी घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर बनी रही। मौके पर वन विभाग के मुख्य वन संरक्षक,वन मंडलाधिकारी सहित पूरा अमला डटा हुआ है जो लगातार नजर बनाए हुए है।
कुदरगढ़ महोत्सव के कार्यक्रम स्थगित
ओडग़ी के कालामंजन जंगल में बाघ की मौजूदगी से इलाके में  सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और वन अमले के द्वारा घेराबंदी की गई है।  वाइल्ड लाइफ की टीम के मौके पर पहुंचने के बाद बाघ को रेस्क्यू कर जंगल के अंदरूनी इलाके में पहुंचाया जाएगा। इधर बाघ के हमले की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। खतरे की आशंका को देखते हुए कुदरगढ़ महोत्सव के 27 मार्च को आयोजित होने वाले संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से कहा है कि क्षेत्र में स्वयं सुरक्षित व सावधान रहें और दूसरे को भी सावधान को कहें।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *