विपक्ष ने काले कपड़ों में किया प्रदर्शन
संसद में गांधी प्रतिमा से विजय चौक तक किया मार्च, 18 राजनीतिक दलों ने मिलकर फिर की जेपीसी की मांग
नई दिल्ली। अडानी मुद्दे को लेकर कांग्रेस समेत करीब 17 विपक्षी दलों के सांसदों ने काले कपड़े पहनकर संसद में गांधी प्रतिमा के पास से विजय चौक तक मार्च करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हुईं। इस मार्च का नेतृत्व सोनिया गांधी ने ही किया। कांग्रेस सांसद महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे एकत्र हुए और हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए विजय चौक तक मार्च किया।
इसको लेकर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि हम 18 राजनीतिक पार्टी मिलकर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की मांग कर रहे हैं। इससे सत्य बाहर आएगा और लोगों को पता चलेगा कि हम यह मांग क्यों कर रहे हैं। आप जेपीसी से क्यों डर रहे हैं? आपके पास दो तिहाई बहुमत है और उसमें भी आप ही के सदस्य ज्यादा रहेंगे। इसका मतलब है कि दाल में कुछ काला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के ऊपर जो मामला दर्ज किया गया वह मेरे शहर कोलार का है। आपने कोलार शहर में दिए भाषण का सूरत में मामला दर्ज किया। आपने ऐसा इसलिए किया क्योंकि आपको अनुकूल सरकार चाहिए थी जिससे आप पुलिस, प्रशासन का इस्तेमाल कर राहुल गांधी को बदनाम कर सकें। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी की आलोचना करते हुए कहा कि खदान को लेकर हुए विवाद जैसे अधिक महत्वपूर्ण मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी से सदन में माफी मांगने को कहा गया तो उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं करेंगे। इसका मतलब यह है कि सदन वह जगह नहीं है जहां लोग माफी मांग सकें। अगर कोई ऐसी जगह होती जहां लोग माफी मांग सकते तो मोदी को दर्जनों बार माफी मांगनी पड़ती।
अडानी समूह में सरकारी निवेश की जांच क्यों नहीं : राहुल
कांग्रेसी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि एलआईसी, भारतीय स्टेट बैंक एवं कर्मचारी भविष्य निधि जैसे संगठनों में जमा आम जनता का पैसा अडानी समूह की कंपनियों में सरकार ने क्यों लगाया है और जब इसकी जांच की मांग की जा रही है तो सरकार चुप्पी क्यों साध रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस मामले में भ्रष्टाचार हुआ है और जब इस घोटाले की जेपीसी से जांच की मांग की जा रही है तो सरकार कोई जवाब नहीं दे रही है और घोटाले की जांच भी नहीं कराई जा रही है। श्री गांधी ने कहा एलआईसी की पूंजी, अडानी को। एसबीआई की पूंजी,अडानी को। ईपीएफओ की पूंजी भी अडानी को। ‘मोडानी’ के खुलासे के बाद भी, जनता के रिटायरमेंट का पैसा अडानी की कंपनियों में निवेश क्यों किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी, न जांच, न जवाब। आखिर इतना डर क्यों।’
संसद नहीं चलने दे रही कांग्रेस : पीयूष गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी संसद नहीं चलने दे रही है और अपने बयानों से लोगों को गुमराह भी कर रही है। गोयल ने कहा कि ‘ग्रैंड ओल्ड पार्टी’ संसद नहीं चलने दे रही है और लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। लोकसभा से राहुल गांधी की विवादास्पद अयोग्यता के खिलाफ कांग्रेस सांसद ब्लैक शर्ट का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या कांग्रेस कानून का अनादर करना चाहती है।

