ब्रिज के पिलर से टकराई बाइक एक की मौत,दूसरा घायल
घायल का निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
राजीव गांधी चौक के पास की घटना
बिलासपुर। राजीव गांधी चौक के पास तेज रफ्तार बाइक ब्रिज के पिलर से टकराई गई। इससे बाइक चला रहे व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अकलतरा के शास्त्री चौक में रहने वाले तरनजीत सिंह व्यवसायी थे। बुधवार को अपने दोस्त आयुष के साथ बिलासपुर आए थे। रात एक बजे के करीब तरनजीत सिंह अपने दोस्त आयुष को लेकर राजीव गांधी चौक से महाराणा प्रताप चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक ब्रिज के पिलर से टकरा गई। हादसे में तरनजीत के सिर में गंभीर चोटे आई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आयुष गंभीर रूप से घायल था। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को देकर घायल को अस्पताल भेजा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चीरघर भेज दिया। गुरुवार की सुबह स्वजन की मौजूदगी में शव का पीएम कराया गया है। वहीं, घायल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। तरनजीत के चाचा दलजीत सिंह ने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
आसपास के लोगों ने बताया कि बाइक की रफ्तार तेज थी। इसके कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पिलर से जा टकराई। वहीं, बाइक चला रहे तरनजीत का सिर सडक़ से जा टकराया। इधर, आयुष को भी गंभीर चोटे आई। बताया जाता है कि अनियंत्रित रफ्तार ही हादसे की वजह बनी।

