लापरवाही हुई तो फिर बढ़ सकता है कोरोना
नया मरीज मिलने व महिला की मौत से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
बिलासपुर। एक बार फिर बीच-बीच में कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। हालाकि स्थिति नियंत्रण में चल रहा है। पर लापरवाही हुई तो एक बार फिर कोरोना वायरस अपने तेवर दिखा सकता है। सामने कोरोना के मामलों ने एक बार फिर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ाकर रख दी है।
मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग फिर से शहरवासियों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की सलाह देने लगी है। क्योंकि तकरीबन तीन माह बाद एक फिर लोग कोरोना संक्रमण से पीडि़त हो रहे है। सीएमएचओ डा. अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना महामारी को रोकने के लिए सैंपलिंग, ट्रीटमेंट, ट्रेसिंग का सहारा लिया जा रहा है।
वही जिले के रहवासियों को भी लापरवाही छोडऩी होगी, यदि लोग सावधान रहते तो स्थिति नहीं बिगड़ेगी और सबकुछ सामान्य रहेगा। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।
करें दिशा-निर्देश का पालन
हर आधे घंटे में सैनिटाइजर से हाथ साफ करें या फिर हैंडवाश और साबुन से हाथ धोएं। शारीरिक दूरी का पालन करें। बिना मास्क पहने घर से न निकलें। भीड़ वाली जगह पर जाने से बचें। लक्षण आने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दें। पौष्टिक भोजन का सेवन करें। बेवजह घर से न निकलें। बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
रोजाना 2400 सैंपलिंग का लक्ष्य
संक्रमण के मामलों को देखते हुए एक बार फिर कोरोना जांच पर जोर दिया जा रहा है। इसी को लेकर सीएमएचओ डा. अनिल श्रीवास्तव ने रोजाना कम से कम 2400 जांच का लक्ष्य दिया है। इसके लिए उन्होंने सभी ब्लाक मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना जांच शुरू करवा दिया है। शहरी क्षेत्र में तिलक नगर स्थित सामुदायिक भवन में कोरोना जांच सेंटर संचालित किया जा रहा है।
लिए गए 10 से ज्यादा सैंपल
मंगलवार को रिंग रोड दो स्थित महिला विहार निवासी 65 वर्षीय महिला के संक्रमित होने की पुष्टि की गई है। इसके बाद क्षेत्र में बुधवार को ट्रेसिंग टीम भेजा गया है, जिन्होंने महिला के संपर्क में आने वाले 10 से ज्यादा लोगों का कोरोना टेस्ट किया है। राहत यह है कि सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

