हिंदू नववर्ष पर शहर में गाजे-बाजे और जीवंत झांकी के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
जगह-जगह पुष्प वर्षा कर किया गया शोभायात्रा का स्वागत, भगवामय हुआ बिलासपुर

हिंदू नववर्ष पर शहर में गाजे-बाजे और जीवंत झांकी के साथ निकली भव्य शोभायात्राजगह-जगह पुष्प वर्षा कर किया गया शोभायात्रा का स्वागत, भगवामय हुआ बिलासपुर

बिलासपुर। हिंदू नव वर्ष विक्रम संवत 2080 पर सोशल मीडिया से लेकर शहर की एक- एक गली भगवा रंग में रंगी नजर आयी। बुधवार को चैत्र नवरात्र, उगादि चेट्रीचंड के साथ हिंदू नववर्ष भी धूमधाम के साथ मनाया गया। वैसे तो इसकी तैयारी पिछले काफी दिनों से चल रही थी । नव वर्ष के स्वागत में बिलासपुर शहर के सभी चौक चौराहों और मुख्य मार्ग को केसरिया तोरण पताका के साथ सजाया गया था। जगह-जगह भगवा झंडा लहरा रहे थे। अलग- अलग संगठनों ने मिलकर सर्व हिंदू समाज का गठन किया जिसके द्वारा नव वर्ष शोभा यात्रा की भव्य तैयारी की गई। शहर का हर गली मोहल्ला बैनर, पोस्टर, तोरण और भगवा झंडे से सजा दिखा। एक दिन पहले भी रात में घूम घूम कर हिंदू संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शहर के चौक चौराहों का निरीक्षण किया और सजावट में कोई कसर नहीं छोड़ी।

बुधवार दोपहर बाद शाम करीब 4 बजे पुलिस मैदान से डीजे, कीर्तन भजन मंडली और ढोल ताशे के संग विशाल शोभायात्रा निकली। शोभायात्रा के साथ भगवान श्री राम, शनिदेव और अन्य देवी-देवताओं की झांकी भी मौजूद थी। भगवा वस्त्रों में हाथों में भगवा ध्वज लिए हजारों की संख्या हिंदू युवा इस शोभायात्रा में शामिल हुए। हर तरफ जय श्री राम का उद्घोष सुनाई पड़ रहा था। शोभायात्रा में भगवान श्री राम के साथ राम भक्त हनुमान की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। झांकी में हनुमान जी पैदल चलते दिखे। शोभायात्रा के आगे आगे युवाओं की टीम सडक़ पर झाड़ू लगाते चल रही थी, जिसके पीछे युवा पानी से सडक़ की सिंचाई कर रहे थे। रास्ते में लगे तोरण, पताका बाधक न बने इसलिए क्रेन भी मौजूद था। पुलिस ग्राउंड से शुरू हुई शोभायात्रा सत्यम चौक, पुराना बस स्टैंड, शिव टॉकीज चौक, गांधी चौक, जूना बिलासपुर होते हुए शहर के प्रमुख चौक चौराहों से निकली। रास्ते में अनेक स्थानों पर इस शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। जगह-जगह जल, फल मिष्ठान, जलपान शीतलपेय आदि की व्यवस्था भी की गई थी। युवाओं के अलावा इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवतियां और महिलाएं भी शामिल हुई। यह भव्य एवं विशाल शोभायात्रा करीब 3 घंटे का सफर कर तिलक नगर श्रीराम मंदिर पहुंची। जहां महाआरती की गई । बिलासपुर में इस वर्ष हिंदू नव वर्ष को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। जगह-जगह व्यापारी, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों के लोगों ने स्टाल लगाकर शोभायात्रा में शामिल भगवान श्री राम की आरती उतारी। शोभा यात्रा पर पुष्प वर्षा की। आतिशबाजी की गई। फल, शरबत, शीतल पेय लस्सी आदि बांटे गए। हिंदू नव वर्ष विक्रम संवत 2080 पर पूरा शहर भगवा मय हो गया।

महामाया मंदिर में 20 हजार ज्योति कलश प्रज्वलित
मां महामाया मंदिर में नवरात्र के पहले दिन विशेष पूजा अर्चना के साथ 20 हजार मनोकामना ज्योति कलश प्रज्जवलित किए गए। साथ ही शत चण्डी रूज्ञ यज्ञ श्रीमद् देवी भागवत कथा माता सेवा प्रतियोगिता सहित विभिन्न अनुष्ठान भी आज से शुरू हो गए। नवरात्रि पर मंदिर की आकर्षक सजावट की गई है तथा दर्शनार्थियों की सुविधा दी गई व्यापक इंतजाम किए गए। इसके साथ ही मंदिर परिसर मेें दुर्गा शप्तशती पाठ, श्रीमद देवी भागवत व श्रीमद भागवत पुराण का पाठ शतचंडी यज्ञ प्रवचन एवं माता सेवा गीत प्रतियोगिता भी आज से प्रारंभ हो गई। नवरात्रि के दौरान दैनिक पूजा सुबह से 6 बजे प्रभात आरती व शाम 7 बजे से दुर्गा चालिसा, शीतला षष्ठकम अन्नपूर्णा स्त्रोत्तम विंध्यवासिनी चालिसा महालक्ष्मी स्त्रोत के साथ महाआरती होगी।
अटल मेयर ने शोभायात्रा का किया स्वागत

हिंदू नववर्ष आयोजन समिति द्बारा बुधवार दोपहर पुलिस मैदान से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, मेयर रामशरण यादव, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक, अरपा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभय नारायण राय के अलावा भारी संख्या में अनुयायी शामिल हुए। इससे पहले पुलिस मैदान में मेयर श्री यादव ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
अमर अग्रवाल ने भी शोभायात्रा का किया स्वागत

अमर अग्रवाल पूर्व मंत्री छ.ग. शासन ने भी कार्यकर्ताओं के साथ हिंदू नव वर्ष पर विशाल शोभायात्रा का स्वागत किया।

जूना बिलासपुर में कांग्रेसियों ने किया स्वागत
शहर जि़ला कांग्रेस कमेटी ने मनोहर टाकीज जुना बिलासपुर में हिन्दू नव वर्ष और चैत्र नवरात्रि के पावन उपलक्ष्य में निकाली गई शोभा यात्रा की स्वागत की।  शहर अध्यक्ष विजय पांडेय,पूर्व शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर, प्रवक्ता ऋषि पांडेय, महामंत्री राकेश हंस, सेवादल  प्रदेश सचिव मोती कुर्रे, महामंत्री राजेन्द्र वर्मा ,शहर सचिव महेंद्र बोलर, रामगोपाल बोलर,राज कुमार बंजारे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।

महिलाओं की स्कूटर रैली
सोशल मीडिया से लेकर शहर की एक-एक गली भगवा रंग में रंगी नजर आयी। आज बुधवार को चैत्र नवरात्र, उगादि चेट्री चंड के साथ हिंदू नव वर्ष भी धूमधाम के साथ मनाया गया। वही सिंधी समुदाय की महिलाओं की इस बार स्कूटर रैली ने भी एक नया अध्याय जोड़ दिया।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *